रानीगंज। रविवार की सुबह चकसारा गांव में विवादित जमीन पर छप्पर रखने के विवाद में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे के साथ जमकर पथराव हुआ। गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में सनसनी फैल गई। मारपीट व फायरिंग में पांच लोग घायल हो गए। गंभीर हालत होने पर दो लोगों को डाक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के चकसारा निवासी इसरारुल हसन (43) का पड़ोस के फारूक से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार को फारूक का नाती जावेद पुत्र इश्तियाक विवादित जमीन पर छप्पर रख रहा था। जिसे लेकर इसरारुल पक्ष से कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। प्रत्यक्षदर्शियोें की मानें तो मारपीट के दौरान ही दोनों ओर से लाइसेेंसी व गैर लाइसेंसी असलहों से गोलियां चलने लगीं। करीब सात राउंड फायरिंग की गई। शोरशराबे के बाद फायरिंग की आवाज सुनकर गांव के लोग आ गए। लोगों ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया। तब तक एक पक्ष से इसरारुल हसन व उसकी पत्नी नसरीन (34) और दूसरे पक्ष से मोहम्मद जावेद (17) पुत्र मोहम्मद इश्तियाक, आमिर (20) पुत्र सगीर और फारुक (60) गोली से घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए पहले रानीगंज ले जाया गया।
वहां से डाक्टरों ने जिला अस्पताल भेज दिया। यहां इसरारुल और फारुक की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने दोनों को इलाहाबाद रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर रानीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। तनाव को देखते गांव में पुलिस तैनात कर दी गई। रानीगंज एसओ ने बताया कि किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मारपीट के दौरान फायरिंग करने वाले का लाइसेंसी असलहा बरामद नहीं हुआ है। लाइसेंस निरस्त करने की के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।
47 सालों से चल रहा है विवाद
रानीगंज थाना क्षेत्र के चकसारा में इसरारुल हसन व इश्तियाक पक्ष के बीच 47 सालों से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। दोनों पक्ष जमीन पर अपना हक जता रहे हैं। मुकदमेबाजी के बीच कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। कभी किसी के पक्ष में अदालत से डिग्री होती रही तो दूसरा पक्ष ऊपरी न्यायालय में वाद दायर कर देता। लोगों की मानें तो दोनों पक्ष एक दूसरे से झुकने को तैयार नहीं था।
गुस्से पर नहीं पा रहे काबू
चकसारा में जमीन के विवाद को लेकर हुई मारपीट व फायरिंग में घायल दोनों पक्ष अस्पताल पहुंचे। उनके साथ मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि दोनों पक्षों को भरसक समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे अपने गुस्से पर काबू नहीं पा सके।
चकसारा में तड़तड़ाईं गोलियां, पांच घायल
विवादित जमीन पर छप्पर रखने को लेकर जमकर हुआ पथराव, लाठी-डंडे भी चले
दो की हालत गंभीर देख डाक्टरों ने किया रेफर, पुलिस तैनात
अमर उजाला ब्यूरो