शिवालयों, घरों में गूंजा हर-हर बम-बम
महाशिवरात्रि पर हजारों श्रद्धालुओं ने किया हौदेश्वरनाथ धाम में जलाभिषेक
अमर उजाला ब्यूरो
कुंडा। गंगाघाट पर स्थित हौदेश्वरनाथ धाम में सोमवार की भोर से ही हर-हर बम-बम की गूंज होने लगी। लोगों ने गंगा में स्नान किया और महाशिवरात्रि के पर्व पर भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए जलाभिषेक कर पूजन किया। भीड़ इतनी अधिक रही कि पुलिस को श्रद्धालुओं की लाइन को कई बार घुमाना पड़ा।
महाशिवरात्रि पर तहसील क्षेत्र के शिवालयों में भोर से ही शंख के साथ घंटे और शंखों की ध्वनि गूंजने लगी। मंदिर के कपाट खुलने के पहले ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लग गई थी। मंदिर का कपाट खुला तो श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ अंदर घुसे और जलाभिषेक कर पूजन अर्चन शुरू किया। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर शिवालयों को सजाया गया था। शाम को ही भगवान शिव पार्वती का श्रृंगार किया गया। सुबह मंदिरों के कपाट खुले तो हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का रेला शिव जलाभिषेक को उमड़ पड़ा। घंटे घड़ियालों और गूंजते वेदमंत्रों के बीच लोगों ने भगवान शंकर का जलाभिषेक पुष्प, अक्षत, धूप, दीप, बेलपत्र, धतूर के साथ करते हुए पूजन अर्चन किया। हौदेश्वर नाथ धाम सहित सभी शिवालयों पर लोग हाथों में जल लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कालाकांकर घाट और मानिकपुर घाट पर भी श्रद्धालुओं ने स्नान कर शिवालयों में जलाभिषेक किया। उधर, झारखंड कुसेमर स्थित भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक करने को भारी भीड़ रही तो लखपेड़ा स्थित बूढ़ेनाथ धाम पर भी लोगों ने भारी संख्या में जलाभिषेक किया। उधर, मानिकपुर के शहाबाद घाट पर स्नान कर भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजन किया।
मंदिर में गायब हो गई कई महिलाओं की चेन
कुंडा। हौदेश्वरनाथ धाम में भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौजूद रही। सीओ कुंडा पूरे समय वहां जमे रहे। इसके अलावा मानिकपुर हथिगवां सहित अन्य थानों की फोर्स भी मंदिर पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौजूद थी। इसके बाद भी कई चेन स्नेचिंग की घटनाएं हुईं। महिलाओं ने गले से चेन और मंगल सूत्र गायब होने की बात कहती रहीं। माइक पर लगातार जुगनू विश्वकर्मा महिलाओं को चेन, मंगलसूत्र को सुरक्षित करने के लिए कहते रहे। पूरे दिन में करीब छह महिलाओं ने चेन गायब होने की शिकायत की।
फोटो--
बाबा धाम में जलाभिषेक को उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
भीड़ संभालने में पुलिस का छूटा पसीना, टूट गए बैरियर
बोल बम के जयकारे से गुंजता रहा मंदिर परिसर
घुइसरनाथ धाम(ब्यूरो)। बाबा धाम में महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं को हुजूम उमड़ पड़ा। भीड़ संभालने में पुलिस को पसीना छूट गया। भीड़ के कारण पुलिस की बैरिकेडिंग भी टूट गई। दिन भर मंदिर परिसर बोल बम व भोले बाबा के जयकारे से गुंजायमान रहा।
जिले के सांगीपुर इलाके में स्थित बाबा घुइसरनाथ धाम में महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के लिए लाखों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कांवड़ियों व श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट जाने से मंदिर का कपाट आधी रात के बाद ही खोल दिया गया। कपाट खुलते ही लोग जलाभिषेक के लिए टूट पड़े। सुबह होने पर क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की भारी रेला बाबा धाम के लिए चल पड़ा। भीड़ संभालने के लिए डभियार व देऊम चौराहे बनाए गए पुलिस बैरियर के पास वाहन रोके जाने पर श्रद्धालु दो किलोमीटर पैदल चलकर जयकारे लगाते हुए मंदिर तक पहुंचे। मंदिर के मुख्य द्वार के सामने पुलिस ने श्रद्धालुओं को रोकने के लिए बनाई गई पुलिस की बैरिकेडिंग भी सैलाब को रोकने में नाकाम रही। कई बार बैरिकेडिंग टूटी, लेकिन पुलिस प्रशासन ने दुुरुस्त करते हुए जलाभिषेक कराया।
बाबा धाम में जायजा लेने पहुंचे डीएम व एसपी
बाबा धाम में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने डीएम व एसपी पहुंचे। यहां पहुंचे जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही व पुलिस अधीक्षक एस आनंद नेप्रशासन की ओर से तैयारियों देखी। परिसर में साफ -सफाई का अभाव दिखा तो सांगीपुर बीडीओ व एडीओ की तलब किया गया, तब दोनों गैरहाजिर मिले। इस पर जिलाधिकारी ने बीडीओ को फोन पर ही फटकार लगाई।
पूर्व सांसद प्रमोद व क्षेत्रीय विधायक ने माथा टेका
स्थानीय बाबा धाम में महाशिवरात्रि पर सोमवार को कांग्रेस नेता व पूर्व राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी, क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना, जिले की पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह व डॉ. विजयश्री तिवारी सोना भी दर्शन पूजन करने पहुंचे।