प्रतापगढ़। उप्र मदरसा बोर्ड की परीक्षाओं में नकल पर नकेल कसते ही 40 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने मैदान छोड़ दिया। 18 केंद्रों पर पहली पाली में हुई परीक्षा में 626 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि 903 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है। परीक्षा केंद्रों से कक्ष निरीक्षकों के गायब रहने पर विभाग ने नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
सोमवार से जिले के 18 केंद्रों पर उप्र मदरसा बोर्ड की मुंशी, मौलवी, आलिम, फाजिल, कामिल की परीक्षाएं प्रारंभ हो गई है। पहली पाली में मुंशी मौलवी के लिए हुई परीक्षा में 1529 छात्र- छात्राओं ने आवेदन किया था। जिसमें 903 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 626 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे हैं। ऐसा पहली बार हुआ है जब मदरसा बोर्ड की परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे के देखरेख में हो रही हैं। हालांकि वाइस रिकार्डर केंद्रों पर नहीं लग पाया है। कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी से गायब रहने वाले मदरसा टीचर अतीक खान, करीम खान, रियासत अली, मो. सलीम, फारुक अहमद अंसारी और जीनत जहां को नोटिस जारी कर स्पस्टीकरण तलब किया है। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विजय प्रताप यादव ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा में कोई भी नकलची नहीं मिला है। उन्होंने छात्राओं से परीक्षा कक्ष में चेहरा खोलकर परीक्षा देने को कहा है।
56 केंद्रों पर बदल गए स्टेटिक मजिस्ट्रेट
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए डीएम शंभु कुमार ने 56 केंद्रों के स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को बदल दिया है। इन केंद्रों में पूर्व में लगे स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को दूसरे ब्लाकों में तैनाती होने के कारण केंद्र पर नहीं पा रहे थे। विभागीय अधिकारियों ने सावधानी बरतते हुए सोमवार को 56 केंद्रों पर संशोधित सूची जारी कर मंगलवार की परीक्षा में उपस्थित रहने को कहा है।