केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया (पीएम श्री) योजना के पहले चरण में 18 सरकारी स्कूलों का चयन किया गया है। इन स्कूलों को दो-दो करोड़ रुपये मिलेंगे, जिससे स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक कंप्यूटर लैब और साइंस लैब आदि की व्यवस्था की जाएगी।
पीएमश्री योजना के तहत स्कूलों के बुनियादी ढांचे में बड़ा बदलाव करने की तैयारी है। स्कूलों को आधुनिक बनाया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग के जिले के 17 स्कूलों और माध्यमिक शिक्षा विभाग के एक स्कूल का चयन किया गया है। जिले के 17 विकास खंडों में एक-एक स्कूल का चयन किया गया है। इन स्कूलों में कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय के साथ ही बालक -बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।
बच्चों में शोध करने की क्षमता विकसित करने के लिए डिस्कवरी ओरिएंटेड और लर्निंग सेंट्रिक टीचिंग मेथड शुरू की जाएगी, जिससे स्कूल बैग का बोझ कम होगा। पीएमश्री योजना में सरकारी स्कूलों के चयन के लिए जो मानक निर्धारित किए गए हैं, उनमें प्राथमिक (कक्षा 1 से 5 और 1 से 8) और माध्यमिक स्तर के (कक्षा 6 से 12) शामिल हैं।
बेसिक शिक्षा विभाग के 17 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के एक स्कूल का चयन पीएमश्री योजना के तहत किया गया है। इन स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए जल्द ही दो-दो करोड़ रुपये मिलेंगे।
- भूपेंद्र सिंह, बीएसए