वाहन की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत
बाइक पर सवार महिला चुटहिल, अस्पताल में मची चीख पुकार
साली को देखने जा रहा था कोहरांव ससुराल, अमेठी का रहने वाला था मृतक
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई जबकि बाइक पर पीछे बैठी महिला घायल हो गई। सभी को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया। जहां डाक्टरों ने पिता पुत्र को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही घायल महिला रोते हुए बेसुध हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जनपद अमेठी के पीपरपुर थाना क्षेत्र के कंधईपुर निवासी त्रिभुवन मौर्या (28) पुत्र राजाराम मौर्या बुधवार को दोपहर में घर से ससुराल के लिए निकला। उसके साथ पत्नी शुभावती देवी (25) व बेटा शिवा (7) भी थे। त्रिभुवन बाइक लेकर जब कंधई थाना क्षेत्र के दरछुट गांव के करीब पहुंचा तो सामने से आ रही कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक दूर जा गिरी और पिता पुत्र वाहन के नीचे आ गए। आसपास के लोगों के दौड़ने से पहले ही घटना को अंजाम देने वाला वाहन आंखों से ओझल हो चुका था। लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस सभी को लेकर जिला अस्पताल आई। जहां डाक्टरों ने त्रिभुवन व शिवा को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल शुभावती का प्राथमिक उपचार डाक्टर करने लगे। जब उसे पता चला कि पति और बेटे को वह खो चुकी है तो वह रोते हुए बेसुध हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और शव को मर्चरी भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार के लोगों के अलावा ससुराल कोहरांव से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। अस्पताल में चीख पुकार से कोहराम मचा रहा।
छिन गया सिर से पिता का साया
अमेठी जनपद के पीपरपुर थाना क्षेत्र के कंधईपुर निवासी त्रिभुवन के दो बेटे थे। बड़ा बेटा सनी मौर्या को वह घर पर छोड़कर निकला। छोटे बेटे शिवा को साथ लेकर ससुराल जा रहा था। मासूम सनी के सिर से पिता का साया बुधवार को छिन गया। मनहूस खबर घर पहुंची तो सनी परिवार के लोगों के साथ रोता हुआ अस्पताल पहुंचा।
पैदा होते ही बच्चे की हो गई थी मौत
कंधईपुर निवासी त्रिभुवन की साली के दो दिन पहले बच्चा पैदा हुआ था। जिसकी मौत हो गई थी। इस जानकारी के बाद वह पत्नी संग शोक जताने ससुराल जा रहा था। साली प्रभावती की तबीयत खराब चल रही थी। उसका उपचार पट्टी अस्पताल में चल रहा था।