पति समेत चार पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट
सई नदी के किनारे मिली थी खून से लथपथ महिला
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। पत्नी को तमंचे के बल पर सनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट कर अधमरा करने के मामले में पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है। नगर कोतवाली के अचलपुर कादीपुर निवासी शहाना (40) पत्नी हकीम अली उर्फ फुल्लन मंगलवार की सुबह किशुनदासपुर सई नदी के किनारे खून से लथपथ मिली थी। उसे मरा समझकर आरोपियों ने छोड़ दिया था। उसका इलाज प्रयागराज में चल रहा है। इस मामले में शहाना की बेटी आफरीन ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि उसकी मां को पिता फुल्लन ने अलग कर दिया था। वह टीनशेड में रहती थीं। मंगलवार को उसके पिता ने मां को पीटा था। पिता फुल्लन उसकी मां शहाना को तमंचे के बल पर अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ वहां से सुनसान स्थान पर ले गया। जहां उसे पीट कर मरणासन्न कर दिया। मरा समझकर उसे छोड़कर भाग निकले थे। दूसरे दिन भाई इसरार व अन्य लोग खोजबीन करने लगे तो पिता फुल्लन सभी को गुमराह करने लगा। बेटी की तहरीर पर पुलिस ने फुल्लन व तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। नगर कोतवाल ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
भुलियापुर में बनेगा चेकपोस्ट, दिनेश सिंह बने प्रभारी
जमीन तलाशने के लिए एसपी व एएसपी पहुंचे दहिलामऊ
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। भुलियापुर से अपराधियों के भागने व छिपने के मामले सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने चेकपोस्ट बनाते हुए वहां एक दरोगा व 6 आरक्षी तैनात कर दिए हैं। उपनिरीक्षक दिनेश सिंह को वहां की कमान सौंपी गई है। पुलिस चौकी का प्रस्ताव शासन को भेजने की कवायद करते हुए शुक्रवार को जमीन चिन्हित करने एसपी व एएसपी पहुंचे।
आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर भुलियापुर की ओर भागने वाले बदमाशों की धरपकड़ व इलाके में आपराधिक प्रवृति के लोगों पर काबू पाने के लिए पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने भुलियापुर में पुलिस चेकपोस्ट बनाया है। जिसकी कमान कोतवाली में तैनात दरोगा दिनेश सिंह के हवाले करते हुए 6 सिपाहियों को तैनात किया गया है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक एस आनंद व अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अवनीश मिश्रा दलबल के साथ भुलियापुर पुलिस चेकपोस्ट के लिए उपयुक्त स्थान खोजने पहुंचे। राजस्व विभाग से जमीन चिह्नित करने को कहा। ताकि चेकपोस्ट का निर्माण हो सके। फौरी तौर पर पंचायत भवन में ही पुलिसकर्मी रुकेंगे। इसके लिए वहां साफ-सफाई व्यवस्था प्रारंभ कर दी गई है। गांव के लोगों ने पुलिस अधीक्षक से बातचीत के दौरान अपना दर्द बताया। बोले कि कुछ लोगों की वजह से उनके बच्चों की बेहतर परवरिश नहीं हो पाती। ऐसे लोग मौका मिलते ही उन्हें गुमराह करने लगते हैं।
रायबरेली जेल से जुड़ रहे अशोक की हत्या के तार
जेल में पूछताछ के बाद पुलिस तार जोड़ने में जुटी
रायबरेली जेल में बंद है जिले का शातिर अपराधी जब्बा
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। सदर बाजार कोहंरौटी निवासी अशोक शर्मा की हत्या के तार रायबरेली जेल से जुड़ रहे हैं। जेल में निरुद्ध बदमाशों से पूछताछ के बाद पुलिस घटना की कड़ी जोड़ने में लगी हुई है। रायबरेली जेल में जिले का शातिर बदमाश जावेद उर्फ जब्बा बंद है।
सदर बाजार कोंहरौटी निवासी अशोक शर्मा की पिछले दिनों गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद बदमाश भुलियापुर की ओर भाग निकले थे। छानबीन में जुटी पुलिस को यह पता चला था कि जिला कारागार में निरुद्ध बंदी से मिलने वाला बदमाश घटना में शामिल था। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अवनीश चंद्र मिश्रा ने बताया कि बदमाशों से पूछताछ के बाद कुछ बातें सामने आईं हैं। रायबरेली जेल से भी घटना का तार जुड़ने की आशंका है। कुछ सुराग मिले हैं। जिसकी छानबीन की जा रही है। वहां की जेल में शातिर बदमाश जावेद उर्फ जब्बा बंद है। हर बिंदुओं पर पुलिस छानबीन कर रही है।