दो विभागों के फेर में फंसा सड़क निर्माण
नया माल गोदाम रोड की सड़क को लोनिवि ने नपा के पास भेजा
बजट न होने से सड़क निर्माण में दिक्कत को देखते हुए पालिका भी बना रही दूरी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के फेर में नया माल गोदाम सड़क का निर्माण फंस गया है। नगर पालिका बजट न होने का रोना रोते हुए अभी लोनिवि के पत्र को स्वीकार नहीं किया है।
नगर पालिका के सहोदरपुर पश्चिमी वार्ड के लोगों की समस्या सालों से बनी हुई है। भले ही सड़क शहरी क्षेत्र में है लेकिन मरम्मत का काम लोक निर्माण विभाग के पास है। मौजूदा समय में इस सड़क पर चलना दुश्वार है। सड़क बनवाने को लेकर नागरिकों ने धरना प्रदर्शन भी कर चुकी है। इसी रास्ते से रेलवे का माल भी ढोया जाता है। मरम्मत के नाम पर लोनिवि ने महज ईंटों के टुकड़े फैला दिए। ताकि लोगों के आवागमन में सहूलियत हो सके। भारी वाहनों के आवागमन से रास्ता फिर बद से बदतर हो चुका है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क निर्माण में अड़चन को देखते हुए अब उसे नगर पालिका को हैंडओवर करने के लिए पत्र भेजा है। पत्र लेने के बाद भी नगर पालिका की ओर से सड़क को नहीं लिया जा रहा है। पालिका प्रशासन का कहना है कि सड़क का निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च होंगे। इस समय पालिका के पास रुपये नहीं है। ऐसे में पहले उस सड़क को चलने लायक लोनिवि बनाए। फिर नगर पालिका उस सड़क को हैंडओवर करेगी। फिलहाल लोनिवि और नगर पालिका के फेर में पब्लिक को समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
नागरिकों ने प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर मांगी थी भीख
पुराना माल गोदाम रोड की बदहाल दशा को संवारने के लिए नागरिकों ने कमर कसी। पश्चिमी सहोदरपुर, सियाराम कालोनी के रहने वाले लोगों ने दुकानदारों के साथ ही अन्य लोगों ने भीख मांगी। ताकि अब भी जनप्रतिनिधियों व अफसरों का मन परिवर्तित हो सके। इसके बावजूद जनप्रतिनिधि उदासीन बने हुए हैं।
आंदोलन पर आंदोलन, नहीं चेते अफसर
नया माल गोदाम रोड की दशा दो साल से अधिक का समय हो चुका है। लगातार कई बार आंदोलन भी होते रहे। सड़क पर जाम लगाकर वाहनों को भी रोका। इसके बाद भी अफसर नहीं चेते।
15 गांव के लोगों का है आना जाना
नया माल गोदाम रोड से होकर करीब 15 गांव से अधिक लोगों का आना जाना है। इस रास्ते से पश्चिमी सहोदरपुर, सियाराम कालोनी, पूरे नरसिंहभान, भंगवा, महुआर, कादीपुर, औवार, पूरे मोहन, छैवा, नमकशायर, खजुरनी, भुइदहा समेत 15 गांव के लोगों का आना जाना लगा रहता है। रास्ता खराब होने के कारण बहुत से लोग सियाराम कालोनी व स्टेशन से होकर गुजरने को मजबूर हैं।
लोक निर्माण विभाग ने सड़क को हैंडओवर करने के लिए पत्र भेजा है। चूंकि सड़क की दशा बहुत ही खराब है। ऐसे में सड़क को हैंडओवर नहीं किया जा सकता है। इसके लिए बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखा जाएगा। यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिल भी जाए तो उसे बनवाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत आएगी। जिसके निर्माण के लिए पालिका के पास अभी बजट नही है।
सुभाषचंद्र सिंह, प्रभारी ईओ नगर पालिका
काफी दिनों से नया माल गोदाम रोड को नगर पालिका हैंडओवर करने के लिए मांग कर रही थी। इसलिए सड़क हैंडओवर करने के लिए पत्र भेज दिया गया है। अब सड़क निर्माण का कार्य पालिका का है।
राकेश कुमार , अधिशाषी अभियंता खंड द्वितीय