प्रतापगढ़। जिलेभर में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। शैक्षिक संस्थाओं, कार्यालयों, समाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा, भारत माता की जय के नारों के साथ युवाओं की टोलियों द्वारा कई स्थानों पर जुलूस निकाले गए। वक्ताओं ने नेताजी के कृतित्व एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सच्चा राष्ट्रभक्त बताया। साथ ही उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प दिलाया।
क्षेत्र के ईशीपुर गांव स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस इंटर कालेज में जयंती धूमधाम से मनाई गई। बच्चों ने देशभक्ति के गीत व नृत्य की मनमोहक प्रस्तुती की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व नपाध्यक्ष हरिप्रताप सिंह ने कहा कि नेताजी का जीवन हमें देशभक्ति के मायने समझाता है। उनका जीवन अनुकरणीय है। विशिष्ट अतिथि लोकसभा कौशांबी प्रभारी भाजपा ओमप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि नेताजी के सच्चे देश भक्त थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश के प्रति समर्पित कर दिया। हम सभी को उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। अध्यक्षता राधेश्याम त्रिपाठी व संचालन प्रधानाचार्य ओमप्रकाश सिंह ने किया। यूनिवर्स एकडेमी सेतापुर परिसर में युवा भारत एवं पंतजलि योग परिवार द्वारा नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर गोविंद, प्रवीण, रेनू, आकांक्षा विवेक, दीपक सुनील कुमार सिंह, राजन सिंह, बृजेश आदि ने नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में केंद्र कार्यालय के सभाकक्ष में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती मनाई गई।
एमडीपीजी कालेज के पूर्व बीएड विभागाध्यक्ष प्रो. एनएन पांडेय ने कहा कि नेताजी का जीवन अनुकरणीय है। उनका पूरा जीवन देश को समर्पित रहा। सामाजिक चिंतक डॉ. समाजशेखर प्राण ने भी अपने विचार रखे। संचालन युवा साहित्यकार प्रमोद प्रियदर्शी ने किया। इसी तरह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंडल उपाध्यक्ष आलोक गर्ग के नेतृत्व में सुभाषचंद्र बोस की जयंती मनाई। प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिलामंत्री भाजपा अच्युतानंद पांडेय, अखिलेश पंडित, दीपेंद्र मिश्र, उपाध्याय रोहित सिंह, आशीष मिश्र, राहुल मिश्र, समाजसेवी आशुतोष त्रिपाठी, साकेत पांडेय आदि मौजूद रहे।
चिलबिला स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती धूमधाम से मनाई गई। बच्चों ने शोभायात्रा निकालकर उनके विचारों एवं उनके जीवन के मुख्य उद्वेश्य का संदेश लोगों के बीच दिया। अध्यक्ष समाजसेवी रोशनलाल ऊमरवैश्य, प्रबंधक संतोष कुमार, कृष्णमोहन गुप्ता ने नेताजी की जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर श्रीकिशोर अग्रवाल, छेदीलाल, कृष्णलाल, सत्य प्रकाश गुप्ता, छगनू आदि मौजूद रहे। इसी तरह पूर्व विधायक हरिप्रताप सिंह ने पंजाबी मार्केट स्थित पार्क में सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बताया कि उनके जीवन से युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके सपने को साकार करने का संकल्प। इस अवसर पर मंजीत सिंह, रमेशचंद्र केसरवानी, उबैद उल्ला जाफरी, ज्ञानेश मिश्र, कासिम बाबा, अज्जू श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। सरस्वती शिशु मंदिर अजीत नगर में बच्चों ने शोभायात्रा निकाली। नेता जी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।