प्रतापगढ़। सपा राज में कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाने वाले राज्यपाल रामनाईक ने कहा है कि सूबे में हालात सुधारने के लिए तीन माह पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभी कुछ और वक्त की जरूरत है।
शहर के तुलसीसदन में गुरुवार को कुंती महाकाव्य के विमोचन के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा साफ है। वह अपराध पर नियंत्रण के लिए प्रयासरत है, मगर पूर्व की सरकार ने इतनी अव्यवस्था और अराजकता फैला दी है कि उस पर काबू पाने में समय लगेगा। उन्होंने कहा कि तीन माह में हालात नियंत्रित हुए हैं, मगर अभी पूरी तरह अपराध पर काबू नहीं पाया जा सका है। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि जल्द ही अपराधों में कमी आएगी। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के उस बयान पर कोई भी प्रतिक्रिया देने से उन्होंने इनकार कर दिया जिसमें उन्होंने मीडिया को उल्टी-सीधी बातें कहीं थीं। इतना जरूर कहा कि वह राजनेता हैं, इसलिए उन्हें सोच समझकर बोलना चाहिए।