योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए डाकसेवक बनेंगे बाहुबली
हर डाक सेवक को आईपीपीबी में 20 खाते खुलवाने का लक्ष्य, विजेता होंगे सम्मानित
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। डाक सेवक बाहुबली बनने के लिए पसीना बहाएंगे। योजनाओं के प्रचार-प्रसार व इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में खाता खुलवाने के लिए विभाग ने बाहुबली प्रतियोगिता की शुरुआत की है। 20 खाते खुलवाने पर डाक सेवक बाहुबली के सम्मान से नवाजे जाएंगे।
जिले में प्रधान डाकघर से जुड़े 44 उपडाकघर हैं। 320 शाखा डाकघर हैं। गांवों में डाकसेवा के लिए विभाग ने डाक सेवकों की तैनाती की है। ताकि वह डाकघर की सेवाओं को घर-घर तक पहुंचा सकें। प्रधान डाकघर में डाक विभाग ने उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए इंडिया पोस्ट बैंक की शुरुआत की है। अब इस बैंक की सुविधा उपडाकघर व शाखा डाकघर तक उपभोक्ताओं तक पहुंचाई जा रही है। दायरा बढ़ाने के लिए डाकघर के इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक ने बाहुबली प्रतियोगिता के रूप में अनूठी पहल शुरू की है। यह प्रतियोगिता खास डाक सेवकों के लिए है। इसके तहत डाक सेवकों को अपने-अपने इलाके में 20-20 खाते खुलवाने होंगे। साथ ही योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी करना होगा। लक्ष्य पूरा करने वाले को बाहुबली के सम्मान से नवाजा जाएगा। उन्हें प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। शाखा प्रबंधक विवेक सिंह व एरिया आपरेशन मैनेजर धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए डाक सेवकों ने आवेदन किया है। सूची तैयार की जा रही है।