लालगंज में डेढ़ माह से खिलौना बने हैं टेलीफोन और ब्राडबैंड
सरकारी के साथ प्राइवेट व संस्थानों के कर्मचारी परेशान, शिकायत के बाद भी एसडीओ नहीं दे रहे ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। लालगंज इलाके के चार सौ बीएसएनएल उपभोक्ताओं के घर लगे बेसिक फोन और ब्राडबैंड डेढ़ माह से खिलौना बने हैं। केबिल कटने के कारण टेलीफोन से डायल टोन गायब है। उपभोक्ताओं की बार-बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं। मजबूर उपभोक्ता अपना कनेक्शन कटवाने के लिए कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं।
लालगंज तहसील क्षेत्र में 120 उपभोक्ताओं ने ब्राडबैंड तो 316 उपभोक्ताओं ने बेसिक फोन का कनेक्शन ले रखा है। बीते डेढ़ माह से टेलीफोन और ब्राडबैंड डेड पड़ा है। उपभोक्ता जहां किसी से फोन पर बात नहीं कर पा रहे हैं वहीं दूसरी ओर जिस बैंक, सरकारी कार्यालयों के साथ निजी संस्थाओं ने ब्राडबैंड का कनेक्शन ले रखा है वहां इंटरनेट के माध्यम से कोई काम नहीं हो पा रहा है। इससे उपभोक्ता परेशान हैं। उन्होंने कई बार इसकी शिकायत लालगंज एसडीओ के साथ प्रतापगढ़ टीडीएम से की, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। टीडीएम अवकाश पर होने की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ ले रहे हैं। बनारस में बैठने वाले जीएम से उपभोक्ताओं ने कई बार शिकायत की। मगर उन्होंने भी ध्यान नहीं दिया।