बैठक से नदारद एक्सईएन के वेतन भुगतान पर डीएम ने लगाई रोक
अधिशासी अभियंता बिजली को नोटिस, आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए तय की जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। सोमवार को समीक्षा बैठक में डीएम मार्कण्डेय शाही ने बैठक से नदारद रहे लोक निर्माण विभाग खंड दो के एक्सईएन राकेश कुमार के वेतन भुगतान पर डीएम ने रोक लगा दी है। एक माह में एक गांव का विद्युतीकरण होने पर नाराज डीएम ने एक्सईएन बिजली को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
विकास भवन में सोमवार को डीएम की समीक्षा बैठक लगभग चार घंटे तक चलती रही। अभी तक विभागीय अधिकारी इधर-उधर की जानकारी देकर चलते बनते थे। मगर सोमवार को एक-एक बिंदु पर विस्तार से हुई समीक्षा में हुई तो अफसरों के पास जवाब नहीं थे। सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार की शिकायतें आम होने से नाराज डीएम ने बैठक से नदारद लोक निर्माण विभाग खंड दो के एक्सईएन राकेश कुमार के वेतन भुगतान पर रोक लगा दी। बिजली विभाग के एक माह में एक गांव का विद्युतीकरण करने से नाराज डीएम ने एक्सईएन को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। शहर में घूमने वाले आवारा पशुओं के धरपकड़ के लिए सीबीओ, ईओ को टीम बनाकर खमपुर दूबेपट्टी भेजने को कहा। डीएम ने प्रत्येक विधानसभाओं में पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सड़कों की जांच कराने को कहा। शौचालय निर्माण में रानीगंज और लालगंज की प्रगति धीमी होने पर ईओ को नोटिस दी गई है। एसडीएम सदर और एआरटीओ को शहर के बाहर प्राइवेट बस अड्डे के लिए स्थान की तलाश करने को कहा। बैठक में सीडीओ धीरेंद्र प्रताप सिंह, डीडीओ सुदामा प्रसाद, पीडी दयाराम प्रमुख रूप से मौजूद रहे।