खौलता पानी पीने को मजबूर हैं रेलयात्री
मॉडल रेलवे स्टेशन पर लगी वाटर वेंडिंग मशीन और हैंडपंप खराब
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। रेल यात्रियों की सहूलियत के लिए भले ही मॉडल रेलवे स्टेशन प्रतापगढ़ के प्लेटफार्म पर तीन हैंडपंप और एक वाटर वेंडिंग मशीन लगी है, लेकिन यात्री इन दिनों खौलता हुआ पानी पीने के लिए मजबूर हैं। हैंडपंपों के साथ वाटर वेंडिंग मशीन भी खराब पड़ी है। इससे मजबूरन यात्रियों को खौलता हुआ वाटर बूथ का पानी पीना पड़ रहा है।
प्रतापगढ़ जंक्शन को भले ही मॉडल रेलवे स्टेशन का दर्जा मिल गया हो, मगर यहां यात्रियों की सुविधा के नाम पर गर्मी में ठंडे पानी के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। दर्जनों वाटर बूथ तो बनाए गए हैं, मगर वह गर्म पानी उगल रहे हैं। प्लेटफार्म पर लगी वाटर वेंडिंग मशीन माह भर से खराब है। एक से तीन नंबर प्लेटफार्म तक चार हैंडपंप लगे हैं। बीते डेढ़ साल से चारों हैंडपंप पानी नहीं उगल रहे हैं। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। प्रतापगढ़ से होकर गुजरने वाली बनारस या फिर लखनऊ की ओर से आने वाली मेल, पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेन के यात्रियों को पीने के लिए ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा है। जिम्मेदार इससे पूरी तरह अनजान बने हैं। जबकि बीते पखवारे भर पहले एडीआरएम अमित श्रीवास्तव निरीक्षण करने आए थे। वाटर वेडिंग मशीन और खराब हैँडपंपों की मरम्मत के लिए आदेश दिया था। उनके जाने के बाद स्थानीय अफसरों ने उनका निर्देश ठंडे बस्ते में डाल दिया।
इनसेट--------
25 रुपये में बिकता है बोतल का पानी
रेलवे स्टेशन पर वाटर वेंडिंग मशीन और हैंडपंप खराब होने का फायदा अवैध वेंडर उठा रहे हैं। अफसरों की मिलीभगत से वह ट्रेनों में 15 रुपये में बिकने वाला रेलनीर बीस रुपये में तो अन्य कंपनियों का बोतल बंद पानी 25 रुपये में बेच रहे हैं। इससे यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है।
वर्जन-------
वाटर वेंडिंग मशीन की मरम्मत कराने के लिए ठेकेदार को कहा गया है। हैंडपंप मरम्मत करवाने के लिए पत्र लिखा गया है। प्रतापगढ़ स्टेशन पर अवैध वेंडर नहीं हैं। लाइसेंसी वेंडर तय रेट पर ही बोतल का पानी बेच रहे हैं।
त्रिभुवन मिश्र, स्टेशन अधीक्षक।