ट्रक- डंपर की भिड़ंत में चालक की मौत
मानधाता के गजेहड़ा पहाड़पुर में हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
देल्हूपुर। प्रयागराज-फैजाबाद राजमार्ग पर स्थित मानधाता थाना के गजेहड़ा पहाड़पुर में ट्रक व डंपर में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में डंपर चालक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रयागराज जनपद के मऊआइमा थाना के किराव निवासी रामू (45) पुत्र बालकृष्ण शुक्ला डंपर चालक था। शुक्रवार को वह गिट्टी उतारकर प्रतापगढ़ से प्रयागराज की तरफ जा रहा था। मानधाता के गजेहड़ा जंगल के पास प्रयागराज से प्रतापगढ़ की तरफ आ रहे गिट्टी लदे अनियंत्रित ट्रक से डंपर की भिड़ंत हो गई। हादसे में डंपर चालक घायल हो गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे में घायल ने दम तोड़ा
संडवाचंद्रिका। हादसे में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंतू थाना क्षेत्र के संड़वा शुकुलपुर निवासी राजेश वर्मा 18 मई को अपनी बाइक से कटका बाजार जा रहा था। इस दौरान वह सरिया लादकर जा रहे ठेले से टकरा गया। इससे उसे गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उसे एसआरएन में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।