पारा 43 के पार, उमसभरी गर्मी ने किया बेहाल
पंखे-कूलर फेल, प्रचंड गर्मी से लोग रहे बेहाल, बिजली दिनभर करती आंखमिचौली
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। सोमवार को उमसभरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। पश्चिमी हवाएं रफ्तार भरती रहीं। न घर में सुकून था न बाहर। पंखे व कूलर फेल हो गए थे। शहर से लेकर गांव तक बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। अधिकतम तापमान उछलकर 43.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम 23. डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह 9 बजे से ही गर्मी का कहर शुरू हो गया था। सूर्य की किरणें बदन झुलसाने लगीं। सुबह 9 बजे के बाद धूप सहन नहीं हो रही थी। इस बीच पश्चिमी हवाएं भी रफ्तार भरने लगीं। लू चलने से लोगों का घरों से बाहर निक लना दूभर हो रहा था। दोपहर 12 बजे के बाद शहर के अंबेडकर चौराहा, पंजाबी मार्केट, सदर बाजार, बाबागंज, भंगवाचुंगी, स्टेशन रोड, रोडवेज बसअड्डा सहित प्रमुख स्थानों पर सन्नाटा पसर गया। गर्मी इतनी प्रचंड थी कि न तो पंखे काम कर रहे थे और न ही कूलर। लोग पसीने से बेहाल दिखे।
फोटो 00
कैंप लगाकर कराएं विद्युतीकरण: संगमलाल
नवनिर्वाचित सांसद ने अधीक्षण अभियंता को विद्युतीकरण कराने का दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। नवनिर्वाचित सांसद संगमलाल गुप्ता ने लक्ष्मणपुर ब्लॉक के पद्मनाथपुर गांव में विद्युतीकरण कराने के लिए अधीक्षण अभियंता से बात की। उन्होंने गांव को जल्द से जल्द विद्युतीकरण कराने का निर्देश दिया।
लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान पद्मनाथपुर गांव के लोगों ने बिजली की समस्या से उन्हें रूबरू कराया था। ग्रामीणों ने बताया था कि उनके गांव में बिजली नहीं पहुंची है। सोमवार को नवनिर्वाचित सांसद संगमलाल गुप्ता ने अधीक्षण अभियंता से बात की। उन्होंने कहा कि तत्काल कार्यदायी संस्था के माध्यम से सौभाग्य योजना के तहत विद्युतीकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि हर गरीब के घर में बिजली पहुंचाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।