चिकित्सा प्रतिपूर्ति भुगतान पर देरी होने पर जताई नाराजगी
प्रतापगढ़ (ब्यूरो)। कोषागार में पेंशनरों की बैठक में रिटायर कर्मचारियों को चिकित्सा प्रतिपूर्ति सहित अन्य देयकों का भुगतान नहीं होने पर नाराजगी प्रकट की गई। जिलाध्यक्ष मनोकानिका उपाध्याय ने बताया कि दीवानी परिसर की कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर जिला जज को ज्ञापन सौंपकर अविलंब भुगतान करने की मांग की है। बैठक में हरिकेश सिंह चौहान, इंद्रमणि मिश्र, बालगोविंद तिवारी, विधिदेव शुक्ल, केएल शर्मा, विजय नारायण शर्मा, कृष्णदेव दूबे प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
दो महीने बाद भी नहीं निकला साफ पानी
विकास भवन में सौर ऊर्जा से स्थापित किया गया था सबमर्सिबल
प्रतापगढ़। विकास भवन कर्मचारियों को साफ पानी मुहैया कराने के लिए जलनिगम ने लाखों रुपये की लागत से सौर ऊर्जा से संचालित सबमर्सिबल की स्थापना की, लेकिन दो माह बाद भी साफ पानी नहीं आने से कर्मचारियों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
विकास भवन कर्मचारियों की प्लास बुझाने के लिए शासन ने जलनिगम को सौर ऊर्जा से संचालित सबमर्सिबल लगाने का ठेका दिया था। लखनऊ स्थित जलनिगम इकाई ने दो महीने पहले सबमर्सिबल की स्थापना की थी, मगर अभी तक बालू आने से कर्मचारियों को प्यास बुझाने के लिए खरीद कर पानी पीना पड़ रहा है। प्रभारी सीडीओ सुदामा प्रसाद ने बताया कि आश्चर्य की बात है कि दो महीने बाद भी पानी साफ नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि शासन को पत्र लिखकर पूरे मामले से अवगत कराया जा रहा है।