पुरवा हवाओं ने बढ़ाई उमस, आसमान में बादलों की उमड़-घुमड़
पंखे-कूलर फेल, न घर में सुकून न बाहर, उमसभरी गर्मी से लोग बेहाल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। पुरवा हवाओं ने एक बार फिर उमस बढ़ा दी है। शुक्रवार को आसमान में बादलों की उमड़-घुमड़ शुरू हो गई। गर्मी से लोग बेहाल रहे। न घर में सुकून था न ही बाहर। पंखे-कूलर सब फेल हो गए थे। शहर से लेकर गांव तक बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि न्यूनतम 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शुक्रवार को सुबह से ही वातावरण में पुरवा हवाओं का प्रभाव रहा। आसमान में बादलों की उमड़-घुमड़ जारी रही। इससे सूर्यदेव व बादलों के बीच दिनभर लुकाछिपी का खेल चलता रहा। मगर इससे गर्मी पर कोई फर्क नहीं पड़ा। दिनभर उमसभरी गर्मी का कहर जारी रहा। न घर मेें सुकून था न ही बाहर। घर से बाहर निक लना दूभर हो रहा था। दोपहर 12 बजे के बाद शहर के अंबेडकर चौराहा, पंजाबी मार्केट, सदर बाजार, बाबागंज, भंगवाचुंगी, स्टेशन रोड, रोडवेज बसअड्डा सहित प्रमुख स्थानों पर सन्नाटा पसर गया। सडक़ से गुजर रहे राहगीर पसीने से तरबतर दिखे। न तो पंखे काम कर रहे थे और न ही कूलर। घरों में रहना मुश्किल हो रहा था। बाहर लू का कहर भी जारी रहा। लोग पसीने से बेहाल दिखे।