प्रतापगढ़। किसानों का डाटा फीड करने के लिए मंगलवार से तहसीलों में भी फीडिंग शुरू की जाएगी। अभी तक एनआईसी और कृषि विभाग में डाटा फीडिंग का कार्य चल रहा था। इधर, लेखपालों के सहयोग के लिए सफाई कर्मचारी और रोजगार सेवकों को भी लगा दिया गया है।
किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में अविलंब धनराशि भेजने के लिए जिला प्रशासन ने डाटा एकत्रित करने का अभियान तेज कर दिया है। जिले भर के किसानों को दो चरणों में धनराशि का भुगतान किया जाएगा। पहले चरण में वे किसान शामिल होंगे, जिनका डाटा 12 फरवरी तक फीड हो जाएगा। दूसरे चरण की फीडिंग 19 फरवरी तक होगी। इधर डीएम शंभु कुमार ने लेखपालों के सहयोग में सफाई कर्मचारियों और रोजगार सेवकों को भी लगा दिया है। गांव के किसानों का फार्म भरवाने के साथ ही बैंक पासबुक, आधारकार्ड की प्रतियां लेकर क्षेत्रीय लेखपाल को देंगे, और वह अपनी देखरेख में कंप्यूटर में फीडिंग कराएगा। सीडीओ धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अधिकाधिक किसानों को योजना से लाभान्वित करने के लिए डाटा फीडिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। किसानों की संख्या अधिक होने के कारण यह जिम्मेदारी तहसीलों को भी सौंप दी गई है। मंगलवार से तहसीलों में फीडिंग होने के बाद एकत्रित करके भेजा जाएगा।