प्रतापगढ़। सदर तहसील के सरायमेदीराय के लेखपाल बृजेश मिश्र के झूठी रिपोर्ट देने पर डीएम ने निलंबित कर दिया है। मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में विवेका शुक्ल की शिकायत पर डीएम ने यह कार्रवाई की है। गांव के चकमार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायत हुई थी। लेखपाल ने रिपोर्ट दी कि चकमार्ग के कुछ अंश पर कब्जा है। जबकि मानधाता थाने के दरोगा ने अपनी जांच में आरोपी द्वारा चकमार्ग तोड़कर अपने खेत में मिलाने की रिपोर्ट दी थी।
मंगलवार को सदर तहसील में डीएम शंभु कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया था। डीएम ने पीड़ितों की समस्याएं सुनीं और निस्तारण करने का आश्वासन दिया। सदर विकास खंड के ईशीपुर निवासी दृष्टिबाधित राजकली ने डीएम से अपनी व्यथा सुनाई। राजकली के मुताबिक राशन नहीं मिलने से परेशानी हो रही है। डीएम ने डीएसओ सुनील कुमार यादव को फटकार लगाते हुए पूछा कि अगर ऐसी महिलाओं को राशनकार्ड नहीं बना है, तो राशन किसे दिया जा रहा है। डीएसओ की चुप्पी देखकर डीएम ने अंत्योदय कार्ड बनाकर देने को कहा। इस पर कुछ ही क्षणों में राजकली का अंत्योदय कार्ड तैयार हो गया, इसे डीएम ने दिया। मंगलवार को लेखपालों के धरना-प्रदर्शन करने से नाराज डीएम ने सदर तहसील के उन लेखपालों का एक-एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया है, जो धरने में शामिल थे।
डीएम ने कहा कि मंगलवार को दूर-दूर से ग्रामीण अपनी समस्या लेकर आते हैं, मगर लेखपालों ने आज ही का दिन प्रदर्शन के लिए चुना। इससे प्रतीत होता है कि वह लापरवाही और उदासीन हैं। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 219 फरियादी अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए उपस्थित हुए। जिनमें से 4 शिकायतें मौके पर ही निस्तारित की गईं। 102 शिकायतें राजस्व विभाग, 66 पुलिस विभाग, 21 विकास विभाग, एक समाज कल्याण, एक बेसिक शिक्षा और 28 अन्य विभागों से संबंधित थीं।