कुंडा। रात भर हुई बारिश से गांव के बगल मस्जिद के पास 10 फिट जमीन धंस गई। भारी गड्ढा हो गया। दोपहर में लोगों ने जमीन धंसी देखी तो आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। इस पर मौके पर भारी भीड़ जुट गई। गांव के बीच में बनी मस्जिद की नींव तक मिट्टी धंसने से हडक़ंप मचा रहा। हालांकि बाद में प्रधान ने कई ट्रैक्टर से मिट्टी मंगवाकर डलवाई।
विकास खंड कुंडा के बरई गांव में बनी जामा मस्जिद के पास शुक्रवार की शाम से शुरू हुई बरसात के कारण 10 फिट की दूरी में कई जगह गड्ढा हो गया। आसपास मकान भी बने हुए हैं, लेकिन इससे केाई नुकसान नहीं हुआ। हालांकि गड्ढा मस्जिद की नींव तक बन गया। जानकारी पर गांव के लोग मौके पर जुट गए। सूचना प्रधान भुट्टो हाफिज तक पहुंची तो वह भी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया। इसके बाद ट्रैक्टर से मिट्टी डलवाई। माना जा रहा है कि सबमर्सिबल के कारण यह मिट्टी धंसी है। गांव के लोगों ने बताया कि यहां पर न तो कोई कुआं था और न ही कोई अंडरग्राउंड काम ही किया गया था।