जिले में 15 वर्ष पुरानी बाइकों का अंतिम बार पंजीकरण एआरटीओ में 2023 तक हुआ है। अब इसी रिकॉर्ड के सहारे विभाग पुरानी बाइकों का संचालन विभाग बंद कराएगा। इसके लिए वाहन स्वामियों को बाइक स्क्रैप से मिलने वाले लाभ की जानकारी देते हुए उन्हें प्रेरित किया जाएगा।
परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में 1052 ऐसे वाहन हैं जो 15 वर्ष से अधिक पुराने हैं। 2023 में अंतिम बार इनका दोबारा रजिस्ट्रेशन विभाग ने किया था। अब इसे ही आधार मानकर विभाग अभियान चलाने जा रहा है। 15 वर्ष से अधिक पुरानी बाइक को स्क्रैप करने पर वैल्यू की सात फीसदी धनराशि, स्क्रैप सर्टिफिकेट से नई बाइक खरीदने पर वैल्यू मूल्य पर 10 प्रतिशत छूट, रजिस्ट्रेशन शुल्क माफी के लाभ के साथ रोड टैक्स में 15 से 25 प्रतिशत तक छूट दी जाती है।
एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. दिलीप गुप्ता का कहना है कि एक अप्रैल से पुरानी बाइकों पर प्रभावी कार्रवाई होगी। इसके लिए विभाग की ओर से अभियान भी प्रारंभ किया जाएगा। जो 15 अगस्त तक चलेगा।