प्रतापगढ़। असलहों के सप्लायर को क्राइम ब्रांच व मानधाता पुलिस ने गजेहड़ा जंगल के पास से धर दबोचा। उसके पास से पांच तमंचा, कारतूस संग बाइक पुलिस ने बरामद की। पकड़ा गया सप्लायर सुलतानपुर का रहने वाला है। वह पंद्रह वर्षो से बीडीसी सदस्य के साथ बैंक में सुरक्षकर्मी है।
पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने बताया कि अपराधियों व असलहों के नाजायज कारोबार में संलिप्त लोगों की धरपकड़ के लिए क्राइम ब्रांच व थानेदारों की टीम लगी हुई है। स्वाट टीम प्रभारी अमित पांडेय व मानधाता एसओ को मालूम हुआ कि रविवार की रात गजेहड़ा जंगल से होकर अवैध असलहों का सप्लायर जा रहा है। जिसे दबोचने के लिए पुलिस टीम लग गई। पुलिस ने बाइक सवार एक युवक को रोका तो वह भागने लगा। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चार तमंचा सिंगल बैरल और एक डबल बैरल के अलावा सात कारतूस संग एक बाइक बरामद हुई।
पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वह सुलतानपुर जनपद कोतवाली देहात के खोरेपुर का रहने वाला हनुमान प्रसाद तिवारी लालजी पुत्र जबर तिवारी है। वह पंद्रह वर्षो से बीडीसी सदस्य है। इसके अलावा स्थानीय सेंट्रल बैंक आफ इंडिया के एटीएम पर सुरक्षाकर्मी भी है। वह 2009 से असलहों की सप्लाई करता है। यह असलहे उसे पान सिंह उर्फ सरदार पुत्र मुंशी संह जनपद बरेली हाल पता राजाजीपुरम लखनऊ लाकर पयागीपुर के पास दिया करता था। इस काम में पान सिंह की औरत साहब कौर व सुरेंद्र तिवारी भी शामिल हैं। वर्तमान में पान सिंह व सुरेंद्र नैनी जेल में निरुद्ध हैं। उसे असलहे 15 सौ से लेकर 2 हजार में मिल जाया करते थे। जिसे वह 25 सौ से लेकर 3 हजार रुपये में बेचा करता था। हनुमान प्रसाद अमेठी, सुलतानपुर, प्रतापगढ़ व इलाहाबाद में असलहों की सप्लाई किया करता था। एसपी ने बताया कि हनुमान के खिलाफ बैंक प्रबंधक को पत्र भेजा जा रहा है।
पहली बार असलहा तस्करी में सामने आई लेडी साहब
असलहा कारोबार में मोटी कमाई के चलते पति के जेल जाने के बाद पत्नी ने कारोबार संभाल लिया। उसके ऊपर किसी को शक नहीं होता था। पकड़े गए असलहा सप्लायर हनुमान तिवारी ने बताया कि पान सिंह की बीवी साहब कौर असलहों की सप्लाई किया करती थी। पति के जेल में जाने के बाद वह काम संभाल ली थी। उसके ऊपर किसी को शक नहीं होता था। असलहा तस्करी में पहली बार लेडी साहब कौर का नाम सामने आने पर पुलिस अधीक्षक कहते हैं कि वह पूरी तरह से जांच कराएंगे। यदि साबित होता है तो ऐसे लोगों को भी मुल्जिम बनाया जाएगा।
असलहों के सप्लायर को क्राइम ब्रांच ने दबोचा
चार एक नाली व एक दो नाली तमंचा संग बाइक बरामद
बीडीसी सदस्य और बैंक का गार्ड है अवैध असलहा सप्लायर, गजेहड़ा जंगल के पास धराया