प्रतापगढ़। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की पैतृक जमीन पर शहर के भ-ूमाफिया की नजर है। जर्जर बाउंड्री को पीड़ित परिवार ने जब नए सिरे से बनाना चाहा, तो दबंगों ने बलपूर्वक रोक दिया। कचहरी में दबंगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का नाती आमरण अनशन पर बैठा हुआ है।
शहर के सदर बाजार निवासी स्व: सरदार राम सिंह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे। उनके पौत्र प्रेमजीत सिंह संधू ने सोमवार से कचहरी में आमरण अनशन प्रारंभ किया। प्रेमजीत सिंह का आरोप है कि लगभग सौ साल पुराने मकान की बाउंड्रीवाल जीर्णशीर्ण होने के कारण कुछ दिन पहले गिर गई। अब उसे बनवाने का प्रयास करने लगे, तो भू-माफिया ने बाउंड्रीवॉल निर्माण में बाधा खड़ी कर दी। पीड़ित परिवार जब डीएम से मिला, तो राजस्व विभाग को जांच सौंप दी। लेखपाल सुशील कुमार मिश्र और कानूनगो और तहसीलदार अनिल कुमार की जांच में पीड़ित की मांग सही मिली। मगर जिला प्रशासन की लापरवाही के चलते अधिवक्ता प्रेमजीत सिंह संधू कचहरी में अनशन में बैठे हुए हैं। अधिवक्ताओं ने चेताया है कि अगर जिला प्रशासन ने कोई ठोस पहल नहीं की, तो अधिवक्ता साथी भी आंदोलन में प्रतिभाग करने को बाध्य होंगे।