गड़वारा। संडवा चंद्रिका विकास खंड में मनरेगा के करीब 1.92 करोड़ के घपले की जांच में प्रथम दृष्टया 11 तकनीकी सहायक और छह कर्मचारियों के दोषी मिलने पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। फिलहाल जांच के दौरान जो भी अनियमितता मिली है, उसकी रिकवरी करने के लिए शनिवार को विकास भवन में अधिकारी गुणा-भाग करते रहे।
संडवा चंद्रिका विकास खंड के 34 ग्राम पंचायतों में मनरेगा से 1.92 करोड़ रुपये भुगतान का मामला गंभीर मोड़ पर आ गया है। अधिकारी अपनी गर्दन बचाने के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं। गुरुवार को जांच में खुलासा हुआ था कि कई गांवों में बगैर निर्माण हुए ही भुगतान कर दिया गया है। शनिवार को जांच टीम से मिली रिपोर्ट के अनुसार भुगतान में मलाई काटने वाले 11 तकनीकी सहायकों, चार ग्राम पंचायत अधिकारियों और दो लिपिक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है। डीसी मनरेगा जनार्दन यादव ने बताया कि जिस ग्राम पंचायत में भुगतान के अनुरूप कार्य नहीं कराया गया है, उस ग्राम पंचायत में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ रिकवरी की राशि निश्चित की जा रही है। सीडीओ राजकमल यादव ने बताया जांच में व्यापक अनियमितता उजागर हुई है। इसलिए आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।