प्रतापगढ़। सावन के चौथे सोमवार को दिनभर बोलबम का जयकारा गूंजता रहा। शिवालयों में कांवड़ियों और आसपास के श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रही। भक्तों ने भगवान शिव का अभिषेक किया।
सावन के महीने का अंतिम चरण चल रहा है। भक्तों का उत्साह कम नहीं है। सावन के चौथे सोमवार को जलाभिषेक करने को जिले के पौराणिक शिवालयों में भक्तों की भीड़ रही। कांवड़ियों और क्षेत्रीय लोगों का भी तांता लगा रहा। बाबाबेलखरनाथ धाम, बाबा भहरणनाथ धाम, बाबा घुइसरनाथधाम, बाबा बालुकेश्वरनाथ, हैदेश्वरनाथ धाम आदि में भोर से ही बोलबम के जयकारे गूंजने लगे। महाआरती के बाद पट खुला तो श्रद्धालु जलाभिषेक करने को आतुर दिखे। बाबा के जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु जलाभिषेक करते रहे। सुबह 10 बजे के बाद क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ गई। दोपहर दो बजे तक मंदिर परिसर में श्रद्धालु ही दिखाई पड़ रहे थे।