शहर के 11 ट्रांसफार्मरों बढ़ेगी क्षमता, दूर होगी लो-वोल्टेज की समस्या
शार्ट सर्किट व ट्रांसफार्मर फुंकने से आए दिन बिजली संकट झेलते हैं शहरी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। ओवरलोड की मार झेल रहे शहर के 11 ट्रांसफार्मरों के दिन बहुरने वाले हैं। इससे दो दर्जन मुहल्लों की बिजली व्यवस्था सुधर जाएगी। लो- वोल्टेज व शार्ट सर्किट के चलते बिजली कटौती का दंश झेल रहे शहरियों राहत मिलेगी। विभाग की मानें तो क्षमता वृद्धि का कार्य शुरू कर दिया गया है।
शहर में अधिकांश ट्रांसफार्मरों पर क्षमता से अधिक लोड होने से लोकल फाल्ट व शार्ट सर्किट की समस्या बनी रहती है। आए दिन ट्रांसफार्मर फुंक जाते हैं। विभाग की ओर से करीब तीन महीने पहले शहर के क्षमता से अधिक लोड झेल रहे ट्रांसफार्मरों को चिह्नित किया गया। शहर के अचलपुर, लेखपाल कालोनी, किशुनदासपुर, जिरियामऊ, गुडिय़ा तालाब, शुकुलपुर, चिलबिला, पूरे ईश्वरनाथ, बलीपुर, पुलिस लाइन, महुली मंडी सहित 11 ट्रांसफार्मर ऐसे मिले, जिन पर क्षमता से अधिक लोड था। इन ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के लिए विभाग ने पहल की। 11 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य स्वीकृत हुआ है। इस बारे में एसडीओ बाबागंज अजीत यादव ने बताया कि स्वीकृत 11 ट्रांसफार्मरों में छह का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, अभी पांच ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि का कार्य होना है। चूंकि यह सभी ट्रांसफार्मर 400 केवीए के हैं। इनको स्थापित करने के लिए चबूतरे का निर्माण किया जाना है। जल्द ही चबूतरे निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जाएगा।
फोटो 00
बदले गए ट्रांसफार्मर के जर्जर केबिल, ठप रही आपूर्ति
प्रतापगढ़। शहर में शिवजीपुरम स्थित ट्रांसफार्मर के जर्जर के बल व सेफ्टी पिन को दुरुस्त किया गया। ट्रांसफार्मर पर फैली झाडिय़ों को हटाया गया। इससे आपूर्ति बाधित रही। शहर के शिवजीपुरम स्थित ढाई सौ केवीए के ट्रांसफार्मर का केबिल बेकार हो चुका था। आए दिन जलने से आपूर्ति बाधित रहती थी। वहीं ट्रांसफार्मर पर झाडिय़ा भी फैली हुई थीं। इससे शार्ट-सर्किट की समस्या बनी रहती थी। रविवार को एसडीओ अजीत यादव ने कर्मचारियों को इसे दुरुस्त करने का निर्देश दिया। दोपहर में दो बजे के आसपास बिजली कर्मचारियों ने इसे ठीक किया। इससे एक घंटे से अधिक समय तक आपूर्ति बाधित रही।