पड़ोसी युवक पर बेटी से छेड़छाड़ का लगाया आरोप
बीरापुर। रानीगंज थाना क्षेत्र के बसहा जामताली गांव की एक महिला ने पड़ोसी युवक पर अपनी नाबालिक बेटी के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि रविवार की रात वह परिवार के साथ सो रही थी। पड़ोसी युवक छत फांदकर उसके घर में घुस गया। उसकी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। शोर मचाने पर भाग निकला।
राजगढ़ में कार-टेंपो में भिड़ंत, बाल-बाल बचे यात्री
विश्वनाथगंज। नगर कोतवाली के राजगढ़ स्थित दुर्गा मंदिर के पास सोमवार सुबह क्वालिस और टेंपो में भिड़ंत हो गई। इससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि हादसे में दोनों वाहनों पर सवार लोग बाल-बाल बच गए। नगर कोतवाली के श्रीनाथपुर निवासी प्रमोद कुमार मिश्रा उर्फ पिंकी टेंपो चलाता है। सोमवार सुबह प्रतापगढ़ से सवारियां लेकर विश्वनाथगंज जा रहा था। राजगढ़ दुर्गा मंदिर के पास पीछे से आई तेज रफ्तार क्वालिस ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। बताया जा रहा है कि क्वालिस चालक अब्दुल सलाम निवासी मदाफरपुर मरीज को लेकर प्रयागराज जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस कार उठवा ले गई।
मधुमक्खियों के हमले से आधा दर्जन लोगों की हालत बिगड़ी
बीरापुर। मधुमक्खियों के हमले से आधा दर्जन लोगों की हालत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। रानीगंज थाना क्षेत्र के मऊडड़िया गांव में सोमवार दोपहर महुआ के पेड़ में लगे मधुमक्खियों के छत्ते में किसी ने पत्थर मार दिया। इससे भिन्नाई मधुमक्खियों ने गांव की शारदा देवी, पांचू राम, पुष्पा देवी, मिथुन, कल्पना सहित आधा दर्जन को काटकर जख्मी कर दिया। उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
रेलवे लाइन से छेड़छाड़ करते तीन छात्र धराए
ट्रैक के ऊपर रख रहे थे गिट्टी, आ रही थी इंटरसिटी एक्सप्रेस
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। रेलवे लाइन से छेड़छाड़ के आरोप में तीन शरारती छात्रों को रेल कर्मचारियों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। वह स्टेशन पहुंच गए। चेतावनी देकर छात्रों को छोड़ दिया गया। दांदूपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर बनारस से आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को झंडी दिखाने के लिए रेलकर्मी बाहर निकला। इस दौरान उसकी नजर ट्रैक पर पड़ी तो उसके होश उड़ गया। ट्रैक पर करीब 50 मीटर तक गिट्टी रखी थी। तीन छात्र वहां ट्रैक पर गिट्टियां रख रहे थे। इस बीच ट्रेन वहां से गुजर गई। ट्रेन के जाने के बाद रेल कर्मचारियों ने तीनों को पकड़ लिया और एसएस के सामने ले गए। परिजनों को बुलाने के बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा गया।