दीवानी न्यायालय में लगेंगे 40 सीसीटीवी कैमरे
हर गेट पर लगेगा मेटल डिटेक्र, बैग स्कैनर से करेंगे होगी तलाशी
सुरक्षा के लिए लगाई जाएगी अतिरिक्त फोर्स, शासन से मिली मंजूरी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। दीवानी न्यायालय परिसर के चप्पे-चप्पे पर तीसरी आंख की नजर होगी। बाइक चोरी संग बंदियों की गतिविधियों के साथ ही लोगों की सुरक्षा को लेकर शासन गंभीर हुआ है। इसके लिए शासन से 40 कैमरे, 4 एचएचएमबी, 4 डीएफएमडी और एक बैग स्कैनर लगाने के लिए 2 करोड़ 30 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। इसके लिए अतिरिक्त फोर्स भी कचहरी में नजर रखेगी। सामग्री आ भी चुकी है। केबिल बिछाने का काम भी शुरू हो गया है।
शासन ने दीवानी न्यायालय परिसर में सुरक्षा का बंदोबस्त करने का निर्देश जारी किया है। 2 करोड़ 30 लाख की लागत से दीवानी न्यायालय परिसर में सुरक्षा के दृष्टिगत अब 40 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा प्रवेश द्वार पर 4 डीएफएमडी और 4 एचएचएमबी भी लगाया जाएगा। जिससे घातक सामग्री लेकर प्रवेश करने वाले पकड़ में आ सके। आए दिन हो रही बाइक चोरी की घटना को अंजाम देने वाले को पकड़ा जा सके। इसके अलावा लोगों के थैलों व बैग को बिना खोले ही चेक करने के लिए बैग स्केनर लेकर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेंगे। जिससे बैग या दूसरे सामान लेकर घूमने वाले लोगों की चेकिंग की जा सके। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अवनीश मिश्रा ने बताया कि कचहरी परिसर की सुरक्षा के लिए शासन से 2 करोड़ 30 लाख का बजट स्वीकृत किया गया है। आधी धनराशि मिल गई है। जल्द ही सुरक्षा को लेकर कैमरे लगवाने शुरू होंगे। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ही कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। वहीं से परिसर की निगरानी की जाएगी। जहां भी कुछ गड़बड़ दिखाई पड़ेगा तो तुरंत सुरक्षाकर्मियों को अलर्ट करते हुए मौके पर चक्रमण करने वाली फोर्स भेजी जाएगी।
निरीक्षक समेत 56 दरोगाओं पर चला आयोग का डंडा
प्रतापगढ़। लोकसभा चुनाव के पहले आयोग ने पुलिस विभाग पर अपना डंडा चलाना शुरू कर दिया है। आयोग के निर्देश पर जिले में कई साल से तैनात निरीक्षक व उपनिरीक्षकों को गैरजनपद तबादले की तैयारी शुरू कर दी गई। इसमे जिले के कई थानेदार व कोतवाल भी शामिल हैं। निरीक्षकों के साथ 56 दरोगा भी गैर जनपद जाएंगे। इसके लिए गुरुवार को दिन भर अफसर माथापच्ची कर सूची तैयार करते रहे।
रुपये बरामद करने के लिए मुंबई पहुंची पुलिस
प्रतापगढ़। अंतू के जगेशरगंज में बैंक डकैती को लेकर रिमांड पर लएि गए सद्दाम को लेकर अंतू पुलिस मुंबई पहुंच गई। वहां लूटे गए रुपये बरामद करने की कवायद में पुलिस जुटी हुई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस उस स्थान की तलाश कर रही थी, जहां रुपये छिपाकर रखे गए थे। उससे पूछताछ में जेल के प्रधान बंदीरक्षक की हत्या की जानकारी भी पुलिस को मिली है। सूत्रों की मानें तो पुलिस बदमाशों को पहले ही चिन्हित कर चुकी है। सद्दाम से बदमाशों को पनाह देने वाले कई लोगों की जानकारी मिली है।
फोटो-
कार की टक्कर से टेंपो पलटा, सवारियां घायल
बीरापुर। वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर सवारियों से भरे टेंपो में गुरुवार की शाम कार ने टक्कर मार दी। जिससे टेंपो में बैठी सवारियां घायल हो गईं। बादशाहपुर से सवारियां भरकर टेंपो रानीगंज की ओर जा रहा था। गौरा पूरे बदल के पास पीछे से आ रही कार ने टेंपो में टक्कर मार दी। जिससे टेंपो पलट गया। हादसे में टेंपो सवार राजमणि यादव (50) निवासी पूरे गोसाई, चालक शब्बीर (32) निवासी डीह, मुख्तार निवासी बादशाहपुर, संजय (55) निवासी गौरा पूरे बदल व मालती देवी (35) घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने सभी को बाहर निकाला और उपचार के लिए सीएचसी भेजा।