परिणाम घोषित करने में अव्वल रहा यूपी बोर्ड
प्रतापगढ़। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का रिजल्ट घोषित करने में इस वर्ष भी यूपी बोर्ड सबसे आगे रहा है। परीक्षार्थियों के लिहाज से सबसे बड़ा बोर्ड होने के बाद भी महज 56 दिनों में परिणाम जारी कर दिया गया।
यूपी बोर्ड ने सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड को पीछे छोड़ दिया है। लगातार दूसरे वर्ष ऐसा हुआ है जब यूपी बोर्ड ने महज 56 दिनों में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परिणाम एक साथ जारी किया है। जबकि सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के परिणाम आने की कोई सूचना नहीं है। यह तीसरा मौका है जब हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परिणाम एक साथ आया है।
फिर उसी कक्षा में पढ़ेंगे हिंदी में फेल परीक्षार्थी
पूरक परीक्षा में शामिल होकर अगली कक्षा में ले सकते हैं दाखिला
प्रतापगढ़। हिंदी में फेल होने वाले परीक्षार्थियों को एक बार फिर उसी कक्षा में पढ़ना होगा, जबकि अन्य विषयों में फेल होने वाले परीक्षार्थी पूरक परीक्षा में शामिल होकर अगली कक्षा में दाखिला ले सकेंगे। हिंदी छोड़कर एक विषय में फेल होने वाले अभ्यर्थियों का दाखिला अगली कक्षा में हो जाएगा, मगर उन्हें वह विषय पढ़ने को नहीं मिलेगा, जिसमें वह फेल हैं।
हाईस्कूल परीक्षा में फेल होने वाले परीक्षार्थियों को अधिक चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि वह फेल होने वाले विषयों में पूरक परीक्षा में आवेदन करके अगली कक्षा में दाखिला ले सकते हैं। मगर हिंदी में फेल होने वाले परीक्षार्थियों को पुन: उसी कक्षा में पढ़ना होगा। हिंदी छोड़कर एक विषय में फेल होने वाले परीक्षार्थियों को पूरक परीक्षा में प्रतिभाग करना आवश्यक नहीं है, उनका दाखिला अगली कक्षा में हो जाएगा, बस इतना होगा कि उसे अगली कक्षा में फेल वाला विषय पढ़ने को नहीं मिलेगा।