प्रतापगढ़। 15 दिन के अंदर बीएसएनएल ने अपने उपभोक्ताओं को दूसरी बार फिर झटका दिया। बनारस में सर्वर में आई तकनीकी खराबी के चलते बीएसएनएल सिम वाले फोन दिनभर झुनझुना बने रहे। जिले के सवा लाख बीएसएनएल उपभोक्ता परेशान रहे। करीब दस बजे मोबाइल से गायब हुआ नेटवर्क देर शाम तक नहीं आया।
बीएसएनएल के सर्वर में यह गड़बड़ी 15 दिन के अंदर दूसरी बार आई। सोमवार सुबह दस बजे बात करते-करते अचानक मोबाइल से नेटवर्क गायब हो गया। इसके बाद दिन भर उपभोक्ता परेशान रहे। जिले भर में तकरीब सवा लाख उपभोक्ता हैं। विभाग के अफसरों ने बताया कि वाराणसी में आई तकनीकी समस्या के चलते मोबाइल से नेटवर्क गायब हो गया। बनारस मंडल से जुड़े दर्जनों जनपद का यही हाल रहा। दरअसल बीएसएनएल का मुख्य कार्यालय वाराणसी में है। प्रतापगढ़ को वाराणसी से ही लिंक किया गया है। टीडीएम बीपी शर्मा ने बताया कि बनारस में बीएसएनएल के सिस्टम में तकनीकी समस्या आ गई है। इसके चलते प्रतापगढ़ के उपभोक्ताओं के मोबाइल से नेटवर्क गायब हो गया। इसकी जानकारी अफसरों को दी गई है। गड़बड़ी कब तक दूर होगी, इसके बारे में अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। वैसे रात भर में उपभोक्ताओं की समस्या दूर होने की उम्मीद जताई जा रही है। लखनऊ-दिल्ली और कानपुर की टीम तकनीकी समस्यां को दूर करने के लिए बनारस पहुंच गई है।
बेल्हा के जिम्मेदार अफसरों को शासन की ओर से सीयूजी फोन दिया गया है। सीयूजी नम्बर बीएसएनएल का है। आए दिन बीएसएनएल में तकनीकी समस्या के चलते नेटवर्क गायब हो जाता है। इससे अफसर भी परेशान हो जाते हैं। शुक्रवार को भी दिन भर अफसर परेशान रहे। वहीं टीडीएम बीपी शर्मा का कहना है किबीएसएनएल के उपभोक्ता अधिक हैं। इसलिए छोटी-छोटी खामियां लोगों को पता चल जाती है। प्राइवेट कंपनियों के उपभोक्ता कम हैं। नेटवर्क गायब हो जाए तो भी कोई पूछने वाला नहीं है। दूसरे इनके कोई अफसर यहां नहीं बैठते हैं। खराबी आई है। उसी दूर करवाने का प्रयास किया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं का डाटा और मिनट पैक का नुकसान हुआ है, उनके फायदे के लिए उच्चाधिकारियों से बात की जाएगी।