मानव रहित क्रासिंग बंद कर देंगे अंडरपास
रेलवे ने शुरू की तैयारी, पहले तीन क्रासिंगों को बंदकर नीचे से दिया जाएगा रास्ता
पहले चरण में दांदूपुर से बादशाहपुर के बीच पडने तीन क्रासिंगों पर शुरू होगा काम
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। मानवरहित क्रासिंग से जान जोखिम में डालकर आवागमन करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही उन्हें इस समस्या से छुटकारा मिल जाएगा। रेलवे ने मानवरहित क्रासिंगों को बंद करने के साथ ही वहां अंडरपास बनाने की कार्ययोजना बनाई है। पहले चरण में जिले के 14 मानवरहित क्रासिंगों में से तीन का चयन किया गया है।
जिले में अवैध रेलवे क्रासिंग रेल विभाग के लिए मुसीबत का सबब बने हुए हैं। कई जगहों पर ग्रामीणों ने मिट्टी आदि डालकर खुद क्रासिंग बना ली है। रेलवे ने कई बार इसे खत्म करने का प्रयास किया। वहां गड्ढा भी कराया गया,लेकिन हर बार ग्रामीण फिर क्रासिंग बना ले रहे थे। रेल विभाग के अफसरों के मुताबिक जिले में 14 ऐसी जगहें चिह्नित की गई हैं जहां ग्रामीणों ने क्रासिंग बना लिए हैं। इससे उनकी जान को खतरा बना रहता है। विभाग के अफसरों के मुताबिक, अब इन क्रासिंगों को बंदकर रेलवे ने वहां अंडरपास बनाने की कार्ययोजना तैयार की है। वर्ष 2018 तक ज्यादातर मानवरहित क्रासिंगों पर अंडरपास बन जाएंगे। शुरू में प्रतापगढ़-वाराणसी रेलखंड पर दांदूपुर से बादशाहपुर के बीच पड़ रहे 73, 74 व 75 नंबर क्रासिंग पर अंडरपास बनाया जाएगा। इसके साथ ही इलाहाबाद-प्रतापढ़ रेल मार्ग पर स्थित बभुपियामऊ रेलवे स्टेशन क्रासिंग, भिलमपुर, विश्वनाथगंज रेलवे स्टेशन क्रासिंग, रामलीला ग्राउंड क्रासिंग, अंतू के उमरी में स्थित मानवरहित रेल क्रासिंग के साथ ही सूर्यगढ़ क्रासिंग पर भी अंडरपास बनाने की तैयारी है।
वर्जन-------
मानव रहित रेलवे क्रासिंगों को बंदकर अंडरपास बनाने के लिए रेलवे ने तैयारी की है। शुरू में दादूपुर से बादशाहपुर के बीच में पडने वाले क्रासिंग नंबर 73 से 75 और रामलीला ग्राउंड क्स्त्रत्तसिंग को खत्म कर अंडरपास बनवाया जाएगा।
आरएल सचान, सहायक मंडल अभियंता।