युवक ने कमरे में फांसी लगा कर दी जान
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने कमरे के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। रविवार सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजन अनहोनी की आशंका में दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। उसका शव फंदे से लटकता देेखकर सन्न रह गए। पुलिस को सूचना दिए बगैर अंतिम संस्कार कर दिया।
नगर कोतवाली के खाजोहरी गांव निवासी चालीस वर्षीय राजेश शनिवार रात दरवाजा बंदकर कमरे में सोने चला गया। रविवार सुबह काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नही खुला तो परिजनों ने आवाज लगाई। काफी देर बाद भी अंदर से कोई आवाज नहीं आने पर लोग दरवाजा तोड़कर घुसे। कमरे में राजेश का शव फंदे से लटक रहा था। यह देख लोग सन्न रह गए। घरवालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
आयुष चिकित्साधिकारी को धमकी देने का आरोप अमर उजाला ब्यूरो
रखहा। बाबा बेलखरनाथधाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आयुष चिकित्साधिकारी ने पूर्व प्रधान पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। चिकित्साधिकारी डॉ राकेश रंजन का कहना है कि मोलनापुर गांव के पूर्व प्रधान उदयकांत मिश्र उर्फ पेटारी अपने पौत्र को एंटीरैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए आए थे। रविवार को अवकाश का दिन होने की बात कहने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। सीएससी अधीक्षक डा. विकासदीप पटेल ने घटना की तहरीर कंधई पुलिस को दी है। कंधई थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है ।
फोटो-----
मेडिकल यूनिट की टीम ने 71 मरीजों का किया इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
मदाफरपुर। सीएमओ के आदेश पर मेडिकल यूनिट वैन रविवार को मदाफरपुर बाजार पहुंची। यहां 71 मरीजों की जांच और इलाज किया गया। नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट टीम के डॉक्टर अंकुर सिंह, टेक्नीशियन अरुण चौरसिया टीम के साथ रविवार सुबह दस बजे मदाफरपुर बाजार पहुंचे और लोगों का इलाज किया।