फोटो--------44
शिलान्यास के दूसरे दिन शुरू हुआ मेडिकल कालेज का निर्माण कार्य
भूमि का कराया जा रहा समतलीकरण, आठ मंजिला होगा भवन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बुधवार को सीएम के शिलान्यास करने के बाद दूसरे दिन गुरुवार को कार्यदायी संस्था ने मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया। पहले दिन भूमि का समतलीकरण कराया गया। बताया जा रहा है कि आचार संहिता लागू होने से पहले नींव की खुदाई भी हो जाएगी।
बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीआईसी मैदान से मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास किया था। उन्होंने वर्ष 2021 तक मेडिकल कॉलेज की शुरुआत करने के लिए कहा। समय से कार्य पूरा न होने पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है। सीएम के इस तेवर को देखकर कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम ने गुरुवार को जेसीबी बुलाकर मेडिकल कॉलेज की भूमि का समतलीकरण कराने के साथ ही प्रतापगढ़-गड़वारा मार्ग से मेडिकल कॉलेज को जाने वाले लिंक मार्ग को दुरुस्त कराना शुरू कर दिया। वहीं कार्यदायी संस्था ने मेडिकल कॉलेज का नक्शा भी तैयार कर लिया है। मेडिकल कालेज के लिए जिला और महिला अस्पताल को भी एक किया जाएगा। तीन सौ बेड के अतिरिक्त वार्ड का निर्माण किया जाएगा। नर्सेस हास्टल, जूनियर व सीनियर डॉक्टरों के लिए आवास तैयार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पार्किंग स्थल व कैंटिन का निर्माण कराया जाएगा। पूरे केशवराय में प्रशासनिक भवन, शिक्षा संस्थान और प्रिसंपल आवास, छात्र हॉस्टल की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त लैब, पुस्तकालय, पार्किग स्थल, खेल का मैदान, कैंटीन आदि का निर्माण होगा। राजकीय निर्माण निगम के अफसरों ने बताया कि शिलान्यास के फेर में अभी तक काम रुका हुआ था। अब बहुत तेज मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। दो दिनों के अंदर नींव की खुदाई और पानी के लिए सबमर्सिबल पंप की व्यवस्था कर दी जाएगी। इसी बीच रास्ते को तैयार कर दिया जाएगा। 2021 से पहले मेडिकल कॉलेज तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
इनसेट-----------
आठ मंजिला होगा जिला अस्पताल का वार्ड
जिला व महिला अस्पताल को एक कर मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। आठ मंजिला का भवन तैयार किया जाएगा। इस भवन में एमआरआई से लेकर सीटी स्कैन सहित अन्य जांचों के साथ इलाज की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त पूरे केशवराय में सात मंजिला भवन तैयार किया जाएगा।
वर्जन-------------
नक्शा बनकर आ गया है। कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम ने उसे अपने पास रखा है। शिलान्यास के समय नक्शे को सीएम के सामने रखा गया था। उसी के आधार पर निर्माण कराया जाएगा।
एके श्रीवास्तव, सीएमओ।