निष्प्क्ष मतदान के लिए रूट मार्च
कुंडा(ब्यूरो)। हथिगवां पुलिस ने बुधवार की सुबह भारी पुलिस बल के साथ रूट मार्च निकाला। एसओ हथिगवां दीपक कुमार व एसआई मनोज कुमार यादव की अगुवाई में रूट मार्च हथिगवां थाने से निकलकर मल्ला का पुरवा, गुलाम का पुरवा, मोहद्दीनगर चौराहा, डीहा, पुरनेमऊ, बलीपुर, लौवा सुखदेवपुर, कदमपुर से होते हुए बेंती चौराहे पर पहुंचा। इसके साथ ही लोगों को क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आह्वान किया गया। देर शाम तक पुलिस जवानों के साथ क्षेत्र में भ्रमण करती रही। इसके चलते क्षेत्र के लोगों में हडक़ंप मचा रहा। बताया गया है कि चुनाव आयोग की बिना परमिशन के कोई भी व्यक्ति डीजे आदि नहीं बजा सकता है। ऐसा होने पर कार्रवाई की जाएगी। इधर कुंडा में भी रूट मार्च निकाला गया। एसएसआई सुरेशचंद्र राय की अगुवाई में भारी संख्या में पुलिस फोर्स ने पूरे कुंडा कस्बे का भ्रमण किया। इस दौरान लोगों को निर्भय होकर मतदान करने की बात कही गई।
नहाते समय किशोरी को ताक रहे युवक को ग्रामीणों ने दौड़ाया
कुंडा(ब्यूरो)। हथिगवां थाना क्षेत्र के पूरे महिपाल सिंह का पुरवा गांव में एक किशोरी अपने घर के सामने नहा रही थी। इस दौरान गांव का ही एक किशोर उधर से गुजर रहा था। किशोरी को नहाते देख वह वहीं रुक गया। किशोरी ने शोर मचाया तो परिजनों के साथ ही ग्रामीणों ने उसे लाठी डंडे के साथ दौड़ा लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई है।
फोटो- 46
ताइक्वांडो की राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में चांदनी को मिला गोल्ड मेडल
कुंडा(ब्यूरो)। ताइक्वांडो की 17 वीं यूपी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप प्रतियोगिता का आयोजन गोरखपुर में हुआ। इसमें हथिगवां के पुरनेमऊ चौराहा स्थित जीएस पब्लिक स्कूल के बच्चों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में चांदनी यादव ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल मेडल पर कब्जा किया। इसके साथ ही विद्यालय के राजवीर पटेल को सिल्वर व हरकेश सरोजनी को कांस्य मेडल मिला। बच्चों की इस जीत से पूरे विद्यालय के साथ ही क्षत्र के लोगों में भी खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधक ने बुधवार को विजेता बच्चों को स्कूल में मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रधानाचार्य रमेश शुक्ला समेत विद्यालय के शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
फोटो- 47
आज बिहार में जनसभा करेंगे अखिेलश
पूर्व मुख्यमंत्री के लिए तैयार हुआ मंच, बूढ़ेपुर में उतरेगा चॉपर
बाघराय(ब्यूरो)। सपा-बसपा गठबंधन प्रत्याशी के लिए गुरुवार को सपा प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बिहार ब्लाक में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रशासनिक अफसरों ने बुधवार को मौके का निरीक्षण किया। हेलीपैड सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
बिहार विकास खंड के बूढ़ेपुर छेऊंगा मोड़ पर पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव की जनसभा दो मई को होगी। वह गठबंधन के प्रत्याशी इंद्रजीत सरोज के पक्ष में प्रचार करने के लिए पहुंचेंगे। बुधवार को मौके पर सीओ सदर बबित सिंह व एसओ बाघराय नन्हेलाल यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने वहां काफी देर रुककर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। रात में भी पुलिस वहां लगाए जाने की जरूरत बताई गई। इस दौरान पूर्व विधायक सदर नागेंद्र सिंह मुन्ना, सपा जिलाध्यक्ष छविनाथ यादव, भागीरथी, राम अवध काका आदि लोग मौजूद रहे।
एसपी इंटर कालेज में बालिकाओं ने अर्जित किए सर्वाधिक अंक
कुंडा(ब्यूरो)। कस्बा स्थित एसपी इंटर कालेज में ज्यादा अंक लाने वालों में छात्राएं ही आगे हैं। विद्यालय में हाईस्कूल में 82.5 व इंटरमीडिएट में 74.5 प्रतिशत रहा। इसमें छात्राओं ने ही सर्वाधिक अंक प्राप्त किया है। हाईस्कूल में संजना सरोज ने 80, काजल सोनी 79.6, दिव्यानी यादव 78, निभा यादव 75.5, शिवानी विश्वकर्मा 76.3, शिवांगी यादव 75.5, कंचन पटेल 74.5, श्रेया तिवारी 73.2, शिवांश मिश्र 75.5, अमरेश विश्वकर्मा ने 78 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इंटर में पूजा विश्वकर्मा 81.2, प्रिया पटेल 80, साक्षी सिंह 78, श्वेता पटेल 79, वंदिता 76, स्नेहा यादव 73.2, शिखा जायसवाल 71, विजय शर्मा 79, शिवम त्रिपाठी 78 व देवेश शुक्ल ने 75 प्रतिशत अंक प्राप्त किया।