एमडीपीजी में शिक्षकों ने लिया मतदान का संकल्प
प्रतापगढ़। एमडीपीजी कालेज में रविवार को शिक्षकों व कर्मचारियों ने लोभरहित होकर स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान करने का संकल्प लिया। दूसरों को मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ भी दिलाई गई। प्राचार्य डॉ. एके श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार सर्वोत्तम अस्त्र है। जिससे हम न केवल लोकतंत्र की रक्षा करते हैं, बल्कि देश की प्रगति करने के लिए भी अपनी इच्छा के अनुरूप सरकार का निर्माण करते हैं। इस दौरान सभी शिक्षकों और कर्मचारियों ने मतदान का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. विनोद शुक्ला, डॉ. अरुण तिवारी, डॉ. पीयूषकांत शर्मा, डॉ. छविनारायण पांडेय, विंध्याचल सिंह, मोहम्मद अनीस, डॉ. स्वामीनाथ तिवारी, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मिश्र आदि मौजूद रहे।
मोबाइल मिलने पर सामूहिक नकल में दोषी होगा परीक्षा केंद्र
प्रतापगढ़। परीक्षा केंद्र पर मोबाइल पाए जाने पर सामूहिक नकल में केंद्र को दोषी ठहराया जाएगा। साथ ही जिस छात्र के पास से मोबाइल मिलेगा, उसे रस्टीकेट कर दिया जाएगा। राज्य विश्वविद्यालय प्रयागराज की परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनीता यादव ने परीक्षा केंद्रों को यह निर्देश जारी किया है। परीक्षा के दौरान परीक्षा कक्ष में किसी भी परीक्षार्थी के पास मोबाइल फोन व इलेक्ट्रानिक डिवाइस पाए जाने की स्थिति में उस परीक्षार्थी को तत्काल अनुचित साधन के प्रयोग के आरोप में रस्टीकेट किया जाएगा। विश्वविद्यालय द्वारा औचक निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र पर किसी भी परीक्षार्थी के पास इस तरह की डिवाइस पाए जाने पर केंद्र को सामूहिक नकल में लिप्त माना जाएगा।