टीईटी परीक्षा में नकल कराने वाला एबीआरसी निलंबित
डीआईओएस के पत्र लिखने पर बीएसए ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। पट्टी स्थित रामराज इंटर कालेज मेें टीईटी परीक्षा में महिला परीक्षार्थी को नकल कराने के मामले में एबीआरसी विनय सिंह पर निलंबन की गाज गिरी है। परीक्षा केंद्र मेें अवैध रूप से घुसकर परीक्षार्थी को सॉल्व पर्ची देने में कालेज केंद्र व्यवस्थापक ने मुकदमा भी दर्ज कराया था।
18 नंवबर को आयोजित टीईटी परीक्षा में रामराज इंटर कालेज पट्टी में प्रथम पाली की परीक्षा में अनाधिकृत रूप से केंद्र में घुसकर परीक्षार्थी रीमा सिंह को सॉल्व पर्ची देने पर खड़े हुए हंगामे के बाद एबीआरसी विनय सिंह भाग निकला था। कालेज के प्रधानाचार्य ने विनय कुमार सिंह, रीमा सिंह तथा अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बीएसए अशोक कुमार सिंह ने डीआईओएस का पत्र मिलते ही विकास खंड शिवगढ़ के प्राथमिक विद्यालय डिहवा पसियान में तैनात प्रधानाध्यापक और एबीआरसी विनय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बीएसए ने एबीआरसी को बीआरसी शिवगढ़ से संबंद्ध करते हुए लक्ष्मणपुर विकास खंड के खंड शिक्षा अधिकारी गौतम प्रसाद को जांच अधिकारी नामित किया है।
लकी स्पोर्टिंग सुल्तानपुर ने रानीगंज को दी करारी शिकस्त
स्पोट्र्स स्टेडियम में स्व. सत्यजीत शर्मा स्मारक सत्या कप का हुआ शुभांरभ
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। शुक्रवार को स्टेडियम मेें स्व. सत्यजीत शर्मा स्मारक सत्या कप का शुभारंभ हुआ। पहले दिन लकी स्पोर्टिंग सुल्तानपुर व रानीगंज के बीच मैच खेला गया। जिसमें सुल्तानपुर ने 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की।
टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए रानीगंज की टीम ने 30 ओवरों में 9 विकेट पर 139 रनों का लक्ष्य रखा। जिसमें रूबान ने 27 तथा विनय ने 24 रनों का योगदान दिया। जवाब में सुल्तानपुर ने यह लक्ष्य मात्र 25.3 ओवर में ही दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि सीडीओ राजकमल यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप मेें क्रीड़ा अधिकारी भानू प्रसाद मौजूद रहीं। इस मौके पर क्रिकेट कोच आदित्य शुक्ला, भूपेंद्रमणि त्रिपाठी, परमानंद मिश्रा, अवध बिहारी पाल, राकेश सिंह, राजेंद्र श्रीवास्तव, हैदर अली आदि मौजूद रहे।