ट्रैक्टर की टक्कर से चौकीदार की मौत
पुलिस चौकी की ड्यूटी से लौट रहा था घर
घटना की सूचना मिलते ही घर में मचा कोहराम
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़/अजगरा। बेकाबू ट्रैक्टर की टक्कर से चौकीदार की मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर कोतवाली के विक्रमपुर निवासी रज्जनलाल शर्मा (45) गांव का चौकीदार था। रविवार को वह मोहनगंज पुलिस चौकी पर ड्यूटी करने गया था। देर रात वह ड्यूटी से छुट्टी मिलने पर साइकिल लेकर घर जा रहा था। मोहनगंज से आगे बढ़ने पर सिंह ढाबे के करीब सामने से आ रहे बेकाबू ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे वह साइकिल लेकर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस चौकी के सिपाही योगेश सिंह घायल चौकीदार को उपचार के लिए लेकर जिला अस्पताल गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर घर पहुंची तो परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गए। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इनसेट------
चार बच्चों के सिर से छिन गया पिता का सहारा
नगर कोतवाली के विक्रमपुर के चौकीदार रज्जनलाल के तीन बेटे व एक बेटी है। पत्नी सावित्री शर्मा प्राइमरी स्कूल में रसोइया है। बड़े बेटे पंकज शर्मा, धीरज शर्मा व अंकुश शर्मा और बेटी बीनू शर्मा के सिर से पिता का सहारा छिन गया। बूढ़े पिता व माता रोते हुए बेहोश हो जाया करती थीं। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचा तो लोगों के करुण क्रंदन से गांव का माहौल गमगीन हो उठा।
00000000000
फोटो...
ट्रैक्टर पलटने से ड्राइवर की मौत
लालगंज (ब्यूरो)। ट्रैक्टर पलटने से ड्राइवर की मौत हो गई। मौत की खबर पर परिजनों में कोहराम मच गया। रविवार देर रात लालगंज कोतवाली के केशवपुर निवासी कल्लू सरोज (48) ट्रैक्टर लेकर खेत की जुताई करने जा रहा था। रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया जिससे कल्लू को गंभीर चोटें आई। स्थानीय सीएचसी के डाकटरों ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। बताया जाता है कि इलाज के लिए प्रयागराज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। कल्लू की मौत की खबर पर परिजनों में कोहराम मच गया।