कटरामेदनीगंज/मानधाता। कई वर्ष बाद नहर में पानी को देख कर किसानों के चेहरे पर खुशी छा गई। हालांकि खेत में पानी पहुंच पाता कि उसके पहले ही नहर का पानी बंद हो गया। इससे किसान सिंचाई नहीं कर पाए। सारदा सहायक बेल्हा रजबहा नहर की लगभग आठ वर्ष से एक बार भी सफाई नहीं कराई गई। आठ वर्ष बाद नहर में पानी आया तो भदोही, घाटमपुर, रामपुर, खजोहरी, पुरैली, गांव के किसानों के चेहरे खिल उठे।
हालांकि एक तो नहर की सफाई नहीं कराई गई और उस पर भी दो ही दिन में पानी भी बंद कर दिया गया। इससे ज्यादातर किसान गेहूं के फसल की सिंचाई नहीं कर पाए। किसान हरिबंश सिंह, भुल्लन सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, पवन कुमार, राम सिंह, लाल पटेल, रोहित आदि किसानों का कहना है कि सिंचाई विभाग ने महज खानापूर्ति की। महत दो दिन के लिए नहरों में पानी छोड़ा गया और इससे खेतों की सिंचाई तक पूरी नहीं हो सकी। समय से बिजली न आने के कारण खेतों की सिंचाई भी नहीं हो पा रही है। लोगों का कहना है कि नहर में भले ही पानी आया हो मगर गुलाबा तक नहीं पहुंच पाया।