यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक के सहयोग से दिया जाएगा विभिन्न ट्रेडों का प्रशिक्षण, जल्द शुरू होगा अमल
पीलीभीत। टाइगर रिजर्व से सटे 72 संवेदनशील गांवों के युवक-युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक के सहयोग से युवाओं को विभिन्न ट्रेडों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे वे स्वरोजगार के जरिए अपनी आजीविका मजबूत कर सकेंगे।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे इन गांवों में वन्यजीवों की चहलकदमी बनी रहती है। ग्रामीणों को विभिन्न माध्यमों से जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक पीलीभीत टाइगर रिजर्व से सटे क्षेत्रों में भी ग्रामीणों की आजीविका बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। बैंक सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) फंड से ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण दिलाने के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद करेगा। टाइगर रिजर्व प्रशासन और यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक ने मिलकर प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की है।
चार ट्रेड का मिलेगा प्रशिक्षण, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
युवाओं को अलग-अलग चार ट्रेड का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें ऑटोमोबाइल्स, मोबाइल टेक्नीशियन, ब्यूटी पार्लर और सिलाई शामिल हैं। चयनित युवक-युवतियों को अनुभवी प्रशिक्षक प्रशिक्षित करेंगे। पीटीआर से सटे 72 गांव संवेदनशील श्रेणी में आते हैं, जहां पूर्व में बाघों से जुड़े घटना घट चुके हैं। मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए टाइगर रिजर्व प्रशासन लगातार विभिन्न योजनाएं चला रहा है। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि पीटीआर से सटे गांवों में आजीविका बढ़ाने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अब अनुबंधित संस्था की ओर से कम्युनिटी डेवलपमेंट के तहत संवेदनशील गांवों के युवाओं को विभिन्न ट्रेडों का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। संवाद