पूरनपुर (पीलीभीत)। मोबाइल चार्जर के विवाद में थाना सेहरामऊ उत्तरी के गांव बुधेली निवासी किसान सर्वेश कुमार (32) को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया गया। बाद में सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर हुए सर्वेश की मौत हो गई। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
घटना शुक्रवार शाम की है। चार भाइयों से सबसे बड़ा सर्वेश कुमार उनसे अलग अपने परिवार के साथ रहता था। शुक्रवार को उसकी पत्नी कुसमा देवी अपनी देवरानी के साथ कहीं गई थी। इसी दौरान रात नौ बजे गांव निवासी सोनू ने सर्वेश के घर पहुंचकर उसका मोबाइल चार्जर उठा लिया और भाग खड़ा हुआ।
सर्वेश अपना चार्जर उससे छीनने के लिए पीछे भागा। सर्वेश ने सोनू को पकड़ लिया। तब सोनू ने सर्वेश पर धारदार हथियार से ताबड़-तोड़ वार कर दिए। मरणासन्न हालत में सर्वेश को रात सवा 11 बजे सीएचसी लाया गया। सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा। सर्वेश की पत्नी कुसमा ने सोनू, उसकी मां, भाई के खिलाफ पुलिस को हत्या की तहरीर दी।
मोबाइल चार्जर के विवाद पर गांव बुधेली निवासी सर्वेश की गांव के ही सोनू ने पीट-पीट कर हत्या की है। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने हत्यारोपी सोनू के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसको हिरासत में ले लिया है।
- आलोक सिंह, सीओ, पूरनपुर
सर्वेश का फाइल फोटो ।