बदहाल पड़ा माधोटांडा का युवक मंगल दल खेल मैदान । संवाद
कलीनगर। खेल के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के दावों के बीच माधोटांडा स्थित युवक मंगल दल खेल मैदान वर्षों से बदहाल है। मिनी स्टेडियम बनाने के दावे महज सर्वे तक सीमित रहे। गंदगी का अंबार होने से युवा खेल मैदान से दूर हो गए।
माधोटांडा गांव में वर्षों पूर्व युवाओं के शारीरिक विकास और मनोरंजन के लिए चार एकड़ जमीन युवक मंगल दल खेल मैदान के नाम दर्ज की गई थी। वर्षों तक क्षेत्र के युवा नियमित अभ्यास करते रहे। माधोटांडा समेत आसपास के युवाओं के खेलने से मैदान पर रौनक रहती थी। साल में दो बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट भी कराए जाते थे। कुछ समय बाद क्षेत्र पंचायत स्तर से मैदान को समतल करने के साथ मुख्य द्वार और पुल का निर्माण भी कराया गया। देखरेख के अभाव में मैदान अब जर्जर होने लगा है।
अतिक्रमण करने के साथ गंदगी भी फैलने लगी है। नतीजतन बदहाली हावी होने से युवा मैदान से दूरी बनाने लगे हैं। पूर्व में युवाओं की मांग को देखते हुए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने पैरवी शुरू की। इसके बाद जिला स्तरीय अफसरों ने आकर सर्वे कर मिनी स्टेडियम के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने की बात कही थी, लेकिन लंबा समय बीतने के बाद भी कोई बदलाव नजर नहीं आ रहा।
वर्तमान में मैदान पर गंदगी का अंबार है। क्रिकेट के युवा खिलाड़ी शारिक खान, निखिल सिंह, मनी सिंह का कहना है कि मैदान की जगह पर्याप्त है, लेकिन देखरेख के अभाव में मैदान की स्थिति खराब हो चुकी है। अभ्यास न होने से प्रतिभा खोने के कगार पर हैं। ग्राम प्रधान नईम अली का कहना है कि पूर्व में मिनी स्टेडियम को लेकर सर्वे के बाद टीम ने प्रस्ताव बनाकर भेजा था। उसपर अभी कोई अमल नहीं हो सका है।