चुर्रासकतपुर/बीसलपुर। बीसलपुर-बरेली मार्ग पर गांव रिछोला सबल के पास रविवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बरेली निवासी युवक की मौत हो गई। युवक घर से खाना खाने के बाद टहलने निकला था। देर रात उसका शव सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा मिला। परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बरेली जिले के थाना भुता क्षेत्र के गांव शेखीपुर निवासी वीरेश सिंह (27) पुत्र श्याम बहादुर सिंह रविवार रात खाना खाने के बाद घर से टहलने निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजन ने बताया कि इसी दौरान सूचना मिली कि बीसलपुर-बरेली मार्ग पर रिछोला सबल गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक एक युवक घायल और बेहोशी की हालत में पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो युवक की पहचान वीरेश के रूप में हुई। आशंका है कि किसी भारी वाहन की टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर कोतवाल संजीव शुक्ला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना की जानकारी ली। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। कोतवाली पुलिस को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। संवाद