मुख्य अतिथि डॉ. दीपक गंगवार विजेता टीम के कप्तान को कप प्रदान करते हुए, साथ में समर चंद्र मंडल।
न्यूरिया। दुर्गा पूजा महोत्सव एवं दशहरे के उपलक्ष्य में न्यूरिया कॉलोनी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नेताजी सुभाष कप-2025 फुटबॉल टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल मुकाबला रविवार को खेला गया। फाइनल में खटीमा और बनबसा की टीमें खेलीं। कड़े मुकाबले में बनबसा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1-0 से जीत दर्जकर लगातार तीसरी बार चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया।
फाइनल मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. दीपक गंगवार ने फीता काटकर किया। खेल के पहले ही हॉफ में बनबसा ने एक गोल दागकर बढ़त हासिल की। दूसरे हॉफ में दोनों टीमों ने कई प्रयास किए, लेकिन कोई गोल नहीं हो सका। इस प्रकार बनबसा ने अपनी पिछली जीत को बरकरार रखते हुए एक बार फिर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।
मैच के बाद समारोह में मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार वितरित किए। टूर्नामेंट में बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार पारस को मिला। मैन ऑफ द मैच भरत को चुना गया, जबकि मैन ऑफ द सीरीज का खिताब तरंग के नाम रहा।
फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान पर खेल प्रेमियों की भीड़ रही। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि समर चंद्र मंडल, डीपीओ अनुराग रस्तोगी, डॉ. आशीष मंडल उर्फ़ बबलू, संचालक निमाई मास्टर, प्रधान विश्वनाथ सरकार, मनोज गोलदार, सुब्रत दास, विजय सरकार, प्रभात सरकार, भपतोष कुमार, नित्यानंद, राधेश्याम आदि मौजूद रहे।