पीलीभीत। गांधी स्टेडियम में रविवार से आठ दिवसीय शीतकालीन हॉकी प्रशिक्षण शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ। हॉकी पीलीभीत की ओर से आयोजित इस हॉकी की पाठशाला का उद्घाटन जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनिल महेंद्र ने फीता काटकर किया। शिविर में जिले भर से चयनित 32 प्रतिभावान खिलाड़ी भाग ले रहे हैं जिन्हें आधुनिक तकनीकों और खेल रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर के पहले दिन की शुरुआत भारतीय योग संस्थान के जिला प्रमुख सतीश शर्मा की ओर से कराए गए योग सत्र से हुई जिसमें खिलाड़ियों को शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने के गुर सिखाए। उद्घाटन सत्र में अनिल महेंद्र ने खिलाड़ियों से खेल भावना को सर्वोपरि रखने और अहंकार से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। संवाद