पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय खासपुर में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते प्रतिभागी। स्रोत स्क
माधोटांडा। पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय खासपुर में आयोजित दो दिवसीय वार्षिकोत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 100 मीटर दौड़ में विवेक और गुड्डी ने बाजी मारी।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान सुंदरलाल, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष राम प्रसाद एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रीकृष्ण ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान कई खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग में विवेक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में गुड्डी विजेता रहीं। खो-खो जूनियर स्तर पर गुनगुन एंड पार्टी ने जीत हासिल की। बालक वर्ग में विवेक एंड पार्टी विजेता रही। ऊंची कूद प्रतियोगिता में बालक वर्ग में विवेक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्राथमिक स्तर पर अनुज ने पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत खासपुर के अभिभावकों की भी सक्रिय भागीदारी रही। इससे बच्चों का उत्साह और बढ़ा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रीकृष्ण, शिक्षामित्र मिथिलेश कुमारी, बिंद्रा देवी, अनुदेशक विनोद कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। अतिथियों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।