पीलीभीत। गांव के युवकों ने चुनाव की रंजिश के चलते एक युवक के खेत में आग लगा दी। जब उसने इस बात का विरोध किया, तो उक्त लोगों ने तमंचे से हवाई फायर किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ग्राम तकिया निवासी अजय प्रकाश पुत्र कढ़ेराम ने थाना गजरौला पुलिस को तहरीर दी। जिसमें कहा गया कि 13 अप्रैल को सुबह लगभग 10 बजे वह अपने खेत की तरफ गया। खेत के समीप एक पेड़ के नीचे वह बैठा हुआ था। इस दौरान उसने देखा कि गांव के नन्हेलाल पुत्र झम्मन लाल व श्रवण कुमार उर्फ सर्वेश पुत्र रामप्रसाद उसके खेत की ओर जाने वाले चक रोड से तेजी से आ रहे हैं।
आरोपियों से उसकी प्रधानी के चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। इसी दौरान आरोपियों ने उसके खेत में आग लगा दी। जब वह आरोपियों को पकड़ने के लिए दौड़ा तो उन्होंने तमंचे से फायर कर दिया लेकिन वह बच गया। आग लगने से उसका साढ़े तीन बीघा गेहूं जल गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष गजरौला रूपा विष्ट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना एसएसआई मोहम्मद आरिफ को सौंपी गई है।