करोड़ चौकी क्षेत्र के सिसईया गांव की उमा देवी ने बताया कि करीब आठ बजे उनके पति संजय बाइक से पौटाकला बाजार से घर लौट रहे थे। गांव में रास्ते में कन्हई लाल के घर के सामने पहुंचने पर वीरपाल से कहासुनी हो गई। वीरपाल के साथ ही संजय भी उत्तराखंड में मजदूर ले जाकर काम कराते थे। मजदूरी के रुपये को लेकर ही दोनों के बीच विवाद था। वीरपाल और उसके परिवार के लोगों ने संजय को घर में खींच लिया। लात-घूंसों से पीटते हुए संजय की बाइक अपने कब्जे में ले ली।
किसी तरह खुद को छुड़ाकर घर पहुंचे संजय ने घर पर जानकारी दी। उस समय घर में कोई पुरुष न होने पर वह बाइक लेने परिवार की महिलाओं के साथ वह दोबारा वीरपाल के घर पहुंचे। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने दोबारा संजय कुमार को घर में खींच लिया और पीटते हुए गमछे से गला कस दिया।
बचाने का प्रयास करने पर साथ आईं पत्नी उमा, भतीजी शालिनी व रेखा और पुत्री दीक्षा को भी पीटा। इससे रेखा और दीक्षा घायल हो गईं। किसी तरह संजय को छुड़ाने के बाद महिलाएं उन्हें जिला अस्पताल लेकर भागीं। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एहतियातन गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है। पत्नी उमा देवी की तहरीर पर वीरपाल के साथ ही कन्हई लाल, विलासो देवी, मंजू व रोहित के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट की गई है।
संजय और वीरपाल के बीच रुपये को लेकर विवाद में हत्या की बात सामने आई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हो गई है। पांचों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। - राहुल पांडेय, सीओ