पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसका शव बीसलपुर-पीलीभीत हाईवे पर पड़ा मिला। जेब में मिले आधार कार्ड से युवक की पहचान हुई।
बीसलपुर-पीलीभीत हाईवे पर गांव परसिया के निकट शनिवार देर रात किसी वाहन से कुचलकर गांव लौंगहा निवासी प्रदीप कुमार (25 वर्ष) की मौत हो गई। देर रात गश्त पर निकली पुलिस टीम को सड़क पर शव पड़ा मिला। जेब में मिले आधार कार्ड से युवक की पहचान हुई।
विज्ञापन
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव लौंगहा निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि उनका भाई प्रदीप गंगवार शनिवार को देर शाम किसी काम से गांव टिकरी बाइक से गया था। वह देर रात घर लौट रहा था। रास्ते में गांव परसिया के पास किसी वाहन से कुचलकर उसकी मौत हो गई। आधी रात के समय जब कोतवाली पुलिस उधर गश्त करने गई तब युवक का शव पड़ा देखा।
युवक की जेब में मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने रात लगभग एक बजे परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। हादसे से मृतक के घर में कोहराम मच गया। कोतवाल संजीव शुक्ला ने बताया कि अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।