पीलीभीत। जयपुर के लिए बस संचालन को रोडवेज डिपो अधिकारियों की ओर से पिछले चार माह पूर्व किया गया पत्राचार फिर अटक गया है। प्रक्रिया पूरी न होने से खाटू श्याम, बालाजी जाने वाले यात्रियों को निजी वाहनों और प्राइवेट बसों से ही सफर करना पड़ रहा है।
स्थानीय डिपो से दिल्ली, लखनऊ, आगरा, हरिद्वार, वाराणसी आदि बड़े शहरों के लिए बसों का संचालन हो रहा है। मौजूदा समय में क्षेत्र से जयपुर, बालाजी, खाटूश्याम आदि स्थानों पर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ी है। ऐसे में निजी बस संचालकों ने तो अपने वाहनों का संचालन यहां से शुरू कर दिया, लेकिन स्थानीय डिपो से एक भी बस का संचालन इन स्थानों के लिए नहीं हो रहा है।
यात्रियों की मांग को देखते हुए जिम्मेदारों ने करीब चार माह पूर्व बरेली मंडल से पत्राचार कर राजस्थान के लिए परमिट की मांग की। मगर चार माह बाद भी इस पर पत्राचार की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। विभागीय सूत्रों अनुसार यहां से फाइल तो उच्चाधिकारियों को भेज दी गई, लेकिन पत्राचार हीलाहवाली के भेंट चढ़ गया। अब तक यह फाइल बरेली में ही अटकी है। इससे बस का संचालन होने में अभी और समय लगेगा।