पीलीभीत। गन्ना पर्ची के लिए अगर आपका मोबाइल नंबर गलत फीड हो गया है या फिर आपका वह नंबर किसी कारणवश बंद हो चुका है, तो परेशान बिल्कुल भी न हो। आप या तो अपने क्षेत्र के पर्यवेक्षक से संपर्क कर नंबर ठीक करा सकते हैं या फिर ई-गन्ना एप के माध्यम से खुद ही अपना मोबाइल नंबर संशोधित करा सकते हो। इसके साथ ही एप पर अन्य कई सुविधाएं भी किसानों को मिलेगी।
गन्ना सीजन शुरू होते ही ऑनलाइन व्यवस्था के तहत किसानों के पंजीकृत मोबाइल पर गन्ना पर्ची एसएसएस के माध्यम से भेजी जाने लगी है, लेकिन काफी संख्या में किसानों के मोबाइल पर पर्ची नहीं पहुंच रही है, जिसकी वजह से किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। मोबाइल चालू न होने की दशा में एसएमएस डिलीवरी फेल्योर होने के चलते गन्ना पर्ची 24 घंटे बाद स्वतः निरस्त हो जा रही है।
जिला गन्ना अधिकारी डॉ. खुशीराम भार्गव ने किसानों से अपील की है कि वे हमेशा अपना मोबाइल चालू रखे। मोबाइल का इनबॉक्स खाली कर लें, ताकि एसएमएस पहुंच सकें। इनबॉक्स फुल होने, मोबाइल बंद होने या नेटवर्क क्षेत्र से बाहर होने पर पर्ची नहीं पहुंच पाएगी। डीसीओ ने किसानों से अपील कि है अगर नंबर गलत या बंद हो चुका है तो ई-गन्ना एप के माध्यम से खुद ही सही कर सकते हैं या फिर परिवेक्षक से संपर्क कर सकते हैं।